बिहारशरीफ: हरनौत में बंद घर में चोरी ,ताला काटकर लाखों के गहने-नकदी उड़ाए

बिहार के हरनौत थाना क्षेत्र के रुपसपुर गांव में चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नालंदा जिले के बिहारशरीफ इलाके में एक बार फिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हरनौत थाना क्षेत्र के रुपसपुर गांव में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक तीन मंजिला मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में डर और बेचैनी का माहौल बना हुआ है.

जानकारी के मुताबिक, रुपसपुर गांव निवासी स्वर्गीय अजय कुमार के पुत्र जीतेंद्र कुमार पटना में एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं. वह अपने गांव स्थित घर पर सप्ताह में कभी-कभार ही आते थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से उनके घर को निशाना बनाया और बड़ी चोरी को अंजाम दे दिया.

कटर मशीन से काटा ताला, दो कमरों को बनाया निशाना

बताया जा रहा है कि चोरों ने जीडीएम कॉलेज के पास स्थित जीतेंद्र कुमार के मकान के दो कमरों का ताला कटर मशीन से काटा. इसके बाद घर के अंदर घुसकर अलमारी और अन्य सामान को खंगाल डाला. चोरों ने बड़ी ही सफाई से कीमती सामान निकाल लिया और मौके से फरार हो गए.

शनिवार सुबह इस घटना की जानकारी एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन के जरिए जीतेंद्र कुमार को दी. सूचना मिलते ही वह पटना से तुरंत गांव पहुंचे. घर का गेट खोलते ही अंदर का मंजर देखकर वह हैरान रह गए. कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी.

लाखों के जेवर और नकदी गायब, पुलिस जांच में जुटी

जांच के दौरान यह सामने आया कि करीब 12 भर सोने के जेवरात और लगभग 2.50 लाख रुपये नकद के अलावा अन्य कीमती सामान भी चोरी हो चुके हैं. पीड़ित ने बताया कि चोरों ने पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया है. उन्होंने आशंका जताई कि चोर घर की रेलिंग के रास्ते अंदर घुसे होंगे, जिससे उन्हें किसी की नजर में आए बिना काम करने में आसानी हुई.

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. साथ ही पीड़ित से भी पूरी जानकारी ली गई है.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई, जल्द खुलासे का दावा

पीड़ित जीतेंद्र कुमार ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. इस मामले में हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस टीम मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar

सुनील कुमार वर्ष 2015 से प्रभात खबर, बिहारशरीफ-नालंदा में फोटोग्राफर सह जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर रहे हैं. खबरों की सटीकता, बेहतरीन फोटोग्राफी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी पहचान बन चुकी है. पत्रकारिता जीवन में इन्होंने कई दैनिक अखबारों के अलावा डिजिटल मीडिया के लिए भी संवाददाता का कार्य किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >