हरनौत में 73 मिमी बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कई इलाकों में जलजमाव से बढ़ी परेशानी

Biharsharif News : नालंदा के हरनौत में हुई 73 मिमी मूसलाधार बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाई है, वहीं जल निकासी की खराब व्यवस्था के चलते कई इलाकों में गंभीर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है. इससे स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Biharsharif News : नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड में सोमवार सुबह तक हुई 73 मिमी मूसलाधार बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या खड़ी कर दी. प्रखंड कृषि सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, हरनौत में 73 मिमी वर्षा दर्ज की गई. बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे, जबकि खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बाजार और रिहायशी इलाकों में जलजमाव

लगातार बारिश के कारण हरनौत बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय नियामतपुर से देवी स्थान मंदिर जाने वाली सड़क, बीडीओ एवं सीओ के सरकारी आवास से नगर पंचायत कार्यालय जाने वाली सड़क, प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर, पटेल नगर और पंचशील नगर मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों में जलजमाव हो गया. सड़कों पर घरों, शौचालयों और नालों का पानी बहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही सबसे अधिक परेशानी

जलजमाव का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों पर पड़ रहा है. सड़कों पर पानी भर जाने के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है. कई स्थानों पर गड्ढे पानी में डूबे होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है.

पचौरा गांव की कच्ची सड़क बनी मुसीबत

प्रखंड के पचौरा गांव स्थित रविदास टोला जाने वाली कच्ची सड़क भी बारिश के बाद कीचड़ और जलभराव के कारण आवागमन के लिए मुश्किल बन गई है. ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस सड़क को पक्का कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है.

बारिश से किसानों के चेहरे खिले

एक ओर जहां शहर और गांव के कई हिस्सों में जलजमाव से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिली है. खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसलों की खेती के लिए अनुकूल वातावरण बना है. घने बादलों और ठंडी हवाओं ने मौसम को भी सुहावना बना दिया, जिसका आनंद सुबह टहलने निकले लोगों ने भी लिया.

बीडीओ बोले, समस्या की दी गई है जानकारी

हरनौत के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि जलजमाव का मामला उनके संज्ञान में है. उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : गोपालगंज के 11 लाख रुपये साइबर ठगी मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, बिना ठोस साक्ष्य आरोपी नहीं बनाया जा सकता



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sunil kumar

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >