gatka championship: पटना में संपन्न हुई 6वीं राज्य स्तरीय गतका चैंपियनशिप में शिवम रेजिडेंशियल पब्लिक स्कूल, निर्मल बिगहा (नालंदा) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता में स्कूल की होनहार खिलाड़ी वैष्णवी चंद्रा ने कांस्य पदक हासिल किया. वहीं, उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के आधार पर वैष्णवी चंद्रा और मोहित कुमार का आगामी राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है.
अंडर-11 बालिका वर्ग में वैष्णवी ने जीता कांस्य
अंडर-11 बालिका वर्ग में वैष्णवी चंद्रा का मुकाबला वैशाली जिले की खिलाड़ी से हुआ. कड़े मुकाबले में वैष्णवी ने बेहतरीन तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया. वहीं, अंडर-19 वर्ग में मोहित कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन विद्यालय और नालंदा जिले के लिए उपलब्धि है.
अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखायी प्रतिभा
प्रतियोगिता में विद्यालय के अन्य खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग आयु वर्गों में सराहनीय प्रदर्शन किया. अंडर-19 वर्ग में बाबुल कुमार तथा अंडर-14 वर्ग में निशांत मिश्रा, आदित्य गुप्ता, शिवम वर्मा, औनिक रंजन और राज कुमार ने पूरे दमखम और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रशिक्षण ने दिलायी सफलता
सभी खिलाड़ियों को विनर्स स्पोर्ट्स एकेडमी ऑफ इंडिया के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता में उतारा गया था. कोच शालिनी रंजन और विकास सिंह के मार्गदर्शन एवं रणनीतिक प्रशिक्षण से खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया.
प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों को दी बधाई
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. कुमार आनंद ने पदक विजेता वैष्णवी चंद्रा, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित मोहित कुमार और सभी प्रतिभागी छात्रों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम है. ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जतायी कि वे राष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार और नालंदा का नाम रोशन करेंगे.
