BiharSarif News : नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव में चार वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने एक रिश्तेदार पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुजाहिदपुर गांव में हुई मासूम की संदिग्ध मौत
इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी निक्की लाल केवट के चार वर्षीय पुत्र आयुष कुमार उर्फ अजीत कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
मां ने रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए
मृतक की मां रानी देवी ने बताया कि उनके पति लुधियाना में मजदूरी करते हैं. घटना वाले दिन दोपहर करीब दो बजे वह अपने पति से व्हाट्सएप कॉल पर बात कर रही थीं. इसी दौरान उनका बेटा घर से बाहर खेलने चला गया. मां का आरोप है कि उसी समय उनके भैंसुर बाली केवट वहां पहुंचे और कथित तौर पर बच्चे का मुंह दबाकर उसे अपने साथ ले जाने लगे.
बेटी के शोर मचाने के बाद भी नहीं रुका आरोपी
परिजनों के अनुसार, घटना को मृतक की बहन ने देख लिया और शोर मचाया. आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका और बच्चे को जान से मारने की धमकी दी. परिजनों का आरोप है कि इसके बाद बच्चे का गला दबा दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गया. इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद परिजन बच्चे को गंभीर हालत में इस्लामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया. इलाज के दौरान देर रात मासूम की मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर इस्लामपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
