Nalanda Crime News : इसलामपुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों और इसलामपुर बाजार में छापेमारी कर वर्षों से फरार चार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही कई अन्य फरार चल रहे वारंटियों के घरों पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई. इसलामपुर थाने में पदस्थापित दारोगा अरुण कुमार राय, नीतीश कुमार, योगेंद्र यादव एवं अरुण कुमार यादव ने बताया कि इसलामपुर बाजार में छापेमारी कर वारंटी पिंटू गोस्वामी, अमरनाथ गोस्वामी, सिद्धनाथ गोस्वामी एवं जगदीश गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन सभी को न्यायिक हिरासत में हिलसा जेल भेज दिया.
यौन शोषण का आरोपी भी धराया
दूसरी ओर, इसलामपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के दानापुर गांव निवासी दीपक कुमार उर्फ जनक बिंद को भी छापेमारी कर धर दबोचा. गिरफ्तार दीपक कुमार उर्फ जनक बिंद यौन शोषण, अनैतिक देह व्यापार करवाने एवं एससी-एसटी एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत थी. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस सफल छापेमारी के बाद पुलिस ने उसे भी विधिसम्मत ढंग से हिरासत में लिया और फिर न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हिलसा जेल दाखिल करा दिया.
फरार वारंटियों के घरों की कुर्की-जब्ती
इधर, पुलिस ने कई सालों से फरार चल रहे अन्य वारंटियों के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाया. इसलामपुर थाना क्षेत्र के ईचहोस गांव निवासी रामईश्वर सपेरा, अर्जुन सपेरा एवं इसलामपुर नगर के सत्यारगंज मुहल्ला निवासी मो. जमाली, मो. सोलडेन तथा इसलामपुर बाजार निवासी कपिल प्रसाद के पुत्र संतोष कुमार, जो कई महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे, के घरों पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की.
Also Read : जलजमाव से जूझ रहा बेगूसराय का झमटिया प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई कराने को मजबूर शिक्षक
