हिलसा में फायरिंग में मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण, आधा दर्जन थानों की पुलिस कर रही कैंप

नाली और रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते गोदू बिगहा टारपर गांव में गोलीबारी हुई. इस वारदात में अजय पासवान नामक युवक की जान चली गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है.

Nalanda Crime News : हिलसा के चिकसौरा थाना क्षेत्र के गोदू बिगहा टारपर गांव में गुरुवार को नाली एवं रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और गोलीबारी हो गई. सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान आधा दर्जन राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है. गोली लगने से विजय पासवान के 30 वर्षीय पुत्र अजय पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी पटना ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई.

बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन दिनों से नाली और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. तीन दिन पूर्व भी दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच मारपीट हुई थी. स्थानीय लोगों और पुलिस के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत करा दिया गया था. गुरुवार को इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए.

बिहारशरीफ-नालंदा की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कहासुनी के बाद लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते गोलीबारी होने लगी. इसी दौरान अजय पासवान के बाएं तरफ छाती में गोली लग गई. गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े. ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें हिलसा अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया. परिजन उन्हें पटना ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही अजय पासवान ने दम तोड़ दिया.

अनुमंडलीय अस्पताल में रोत परिजन| Prabhat Khabar Network

मृतक का पोस्टमार्टम पटना पीएमसीएच में ही कराया गया. इसी गोलीबारी में विजय पासवान के एक अन्य पुत्र शैलेंद्र कुमार के शरीर पर भी गोली के छर्रे लगे हैं. उनका भी अनुमंडलीय अस्पताल मे इलाज कराया गया है. हालांकि अनुमंडलीय अस्पताल में हाथापाही के दौरान राजकुमार दरोगा भी घायल हो गए. अजय की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

गोली का छर्रा लगा हुआ दिखाते शैलेंद्र कुमार.

पत्नी ने प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन, दो महिलाएं हिरासत में

घटना के संबंध में मृतक की पत्नी ने चिकसौरा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को हिरासत में लिया है.

चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु ने बताया कि नाली एवं रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है.

घटना के बाद एहतियात के तौर पर चिकसौरा थाना, हिलसा थाना और करायपरसुराय थाना समेत करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है. पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार पार्थ

संतोष कुमार पार्थ वर्ष 2013 से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पिछले तीन वर्षों से प्रभात खबर में हिलसा अनुमंडल मुख्यालय से संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं. स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >