Sheikhpura News : शेखपुरा जिला अधिवक्ता संघ के द्विवार्षिक चुनाव के लिए शनिवार को सुबह 8 बजे से मतदान होगा. मतदान अपराह्न 4 बजे तक चलेगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं.
340 अधिवक्ता करेंगे मतदान, 12 पदों के लिए चुनाव
इस चुनाव में कुल 340 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, सहायक सचिव, अंकेक्षक, कोषाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य समेत कुल 12 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा. इन पदों के लिए 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं.
महिलाओं को आरक्षण का पहली बार मिला लाभ
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में इस बार पहली बार महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिला है. इसके तहत पांच पदों पर महिला उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं. शेष पदों के लिए बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा.
मोबाइल पर रोक, आठ तरह के बैलेट और तीन मतपेटियां तैयार
निर्वाची पदाधिकारी कृष्णा प्रसाद तिवारी ने बताया कि मतदान के लिए सभी मतदाताओं को अपना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा. चुनाव के लिए आठ प्रकार के बैलेट पेपर और तीन प्रकार की मतपेटियां तैयार की गई हैं. मतदान कक्ष के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. मतदान स्थल पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है और दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहेगा. बिहार राज्य बार काउंसिल की ओर से पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं.
अध्यक्ष और महासचिव पद पर सबसे दिलचस्प मुकाबला
इस चुनाव में सबसे अधिक मुकाबला अध्यक्ष और महासचिव पद को लेकर माना जा रहा है. अध्यक्ष पद पर चंद्रमौलेश्वर प्रसाद, शिवनंदन प्रसाद शर्मा और सुशील कुमार के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. वहीं महासचिव पद के लिए निवर्तमान महासचिव विपिन कुमार, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह और सनोज कुमार आमने-सामने हैं. मतदान से पहले देर रात तक उम्मीदवार समर्थकों को अपने पक्ष में करने के लिए चुनाव प्रचार में जुटे रहे.
