नालंदा के हिलसा थाना क्षेत्र के कौशिक नगर गांव में सोमवार को खेत में जानवरों के चारे के लिए उगाई गई झरला फसल काटने के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल की पहचान कौशिक नगर गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र उपेंद्र प्रसाद के रूप में की गई है.
पट्टे पर ली गई जमीन को लेकर हुआ विवाद
घायल उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि उन्होंने गांव के एक व्यक्ति से पट्टे पर जमीन लेकर उसमें जानवरों के चारे के लिए झरला की फसल उगाई थी.
बाद में जमीन मालिक ने वह जमीन उनके चचेरे भाई को दे दी, जिसके बाद उनके द्वारा खेत में लगी फसल काटी जाने लगी.
जब इसका विरोध किया गया, तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.
पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी
घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हिलसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि घटना की सूचना मिल गई है. पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है.
