बिहारशरीफ: बकाया राशि को लेकर चल रहा था विवाद, छोटे यादव हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार

छबिलापुर थाना क्षेत्र में हुए छोटे यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है. एक आरोपी सुजीत कुमारिल को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद हुआ है. पुलिस जांच में हत्या के पीछे दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि का विवाद सामने आया है.

Chhote Yadav Murder Case: छबिलापुर थाना क्षेत्र के केशरी बिगहा गांव में छोटे यादव हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन करने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त सुजीत कुमारिल को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है. डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि हत्या की वारदात के पीछे दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है.

12 जुलाई को हुई थी छोटे यादव की हत्या

डीएसपी ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को केशरी बिगहा निवासी साजो यादव के पुत्र छोटे यादव की हत्या कर दी गयी थी. घटना को लेकर छबिलापुर थाना कांड संख्या 117/26 दर्ज किया गया था. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की.

गुप्त सूचना पर आरोपी को किया गया गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. इसी क्रम में 19 सितंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली. इसके आधार पर छबिलापुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केशरी बिगहा निवासी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी मिली है.

दो लाख रुपये से अधिक के बकाये को लेकर था विवाद

डीएसपी ने बताया कि अनुसंधान में अब तक सामने आया है कि मृतक और गिरफ्तार अभियुक्त के बीच पहले से परिचय था. दोनों के बीच दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के क्रम में हत्या की घटना को अंजाम देने की बात सामने आयी है. हालांकि, मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन अभी जारी है.

आरोपी की निशानदेही पर देशी कट्टा बरामद

अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा बरामद किया है. बरामद हथियार के संबंध में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.

छापेमारी टीम में छबिलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक, अपर थानाध्यक्ष उत्तम कुमार झा, सअनि राजेश कुमार, सशस्त्र बल तथा एसटीएफ की टीम शामिल थी. पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >