तिलक समारोह में चलीं गोलियां, एक की मौत, दो बच्चे जख्मी

नालंदा जिले के भागनबिगहा थाना क्षेत्र के मोरा तालाब गांव में बुधवार की रात एक तिलक समारोह में उस समय मातम पसर गया जब जश्न के माहौल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक अधेड़ की मौत हो गयी

बिहारशरीफ. नालंदा जिले के भागनबिगहा थाना क्षेत्र के मोरा तालाब गांव में बुधवार की रात एक तिलक समारोह में उस समय मातम पसर गया जब जश्न के माहौल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक अधेड़ की मौत हो गयी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतक की पहचान 58 वर्षीय कौशलेंद्र गोप, पिता स्व चंदो यादव के रूप में हुई है. जबकि घायल बच्चों में एक पांच वर्षीय राजकरण बाबू (पिता दीपक यादव) और नौ वर्षीय शुभम कुमार (पिता श्रवण यादव) शामिल हैं. घटना उस वक्त हुई जब गांव के बच्चू यादव के पुत्र के तिलक समारोह में बार बालाओं के नाच का कार्यक्रम चल रहा था. मृतक कौशलेंद्र गोप भी गांव के रिश्तेदार होने के नाते समारोह में शामिल हुए थे. इसी दौरान अचानक गोलीबारी शुरू हो गयी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गयी. परिजनों और चश्मदीदों का आरोप है कि यह गोलीबारी महज हर्ष फायरिंग नहीं थी, बल्कि पूर्व के विवाद के चलते साजिश थी.

पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप : मृतक की पत्नी रीना देवी और रिश्तेदार तन्नू यादव का कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है. उन्होंने बताया कि पूर्व में भी बच्चू यादव पर कौशलेंद्र के भाई की हत्या का आरोप था और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया है. उनके अनुसार, बच्चू यादव के इशारे पर ही कुछ बदमाशों ने कौशलेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गये. गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने कौशलेंद्र गोप को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही भागनबिगहा थाना प्रभारी अरविंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. थानाध्यक्ष ने बताया कि तिलक समारोह में नाच-गाना चल रहा था, तभी गोलीबारी की सूचना मिली. एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो बच्चे घायल हुए हैं. पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है और आरोपितों की तलाश जारी है. घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है. एहतियातन गांव में पुलिस बल की तैनाती की गयी है, ताकि गांव में तनाव उत्पन्न न हो. परिजनों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amlesh prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >