Breaking News : बिहार के नालंदा में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी ऑटो और ट्रक की टक्कर हो गई. इस हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिसका इलाज चल रहा है. घटना के वक्त ऑटो में 14 लोग सवार थे. सभी एक ही परिवार के हैं और सभी मलमास मेला देखकर लौट रहे थे.
ट्रक और ऑटो की जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो और बालू लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिससे ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. घटना छबीलापुर थाना क्षेत्र के साइडपर स्थित के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप हुई. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
दुर्घटना से नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया. बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर आवागमन बहाल कराया गया. इस दुर्घटना में खुदागंज थाना क्षेत्र के कोचरा गांव निवासी 25 वर्षीय गुड्डू कुमार, गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत गन्नू बीघा गांव की 60 वर्षीय रानी देवी और छह वर्षीय शिवानी कुमारी की मौत हो गई. वहीं सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घायलों में पूजा कुमारी, अंकुश कुमार, राज किशोर रविदास, गौरी कुमारी, चंद्रमुखी कुमारी, चांदो कुमारी और झयमुन्नी देवी शामिल हैं. सभी का उपचार चल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के हिस्से सड़क पर बिखर गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है जबकि सात लोग घायल हैं. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम भी समाप्त करा दिया.
Also Read: नालंदा में रेड क्रॉस का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, दर्जनों विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
