बिंद (नालंदा) से मुकुल की रिपोर्ट
Nalanda News : बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर फोरलेन मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई.
मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के बलिया बिगहा गांव निवासी संजय राउत के पुत्र पंकज कुमार उर्फ डोमी के रूप में की गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार अपने एक मित्र के साथ बाइक से शेखपुरा जिले के जगजीवनपुर स्थित अपने ननिहाल से लौट रहा था. रात करीब एक बजे दोनों पेट्रोल पंप पर तेल लेने पहुंचे, वहां बाइक में पेट्रोल भराने के साथ दो लीटर डीजल भी लिया. इसके बाद दोनों रहुई की ओर रवाना हो गए.
हादसे में घायल दोस्त को छोड़कर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फोरलेन मोड़ के पास रहुई की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत सरमेरा की ओर फरार हो गया. वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक भी अपने घायल मित्र को छोड़कर बाइक सहित वहां से निकल गया.
फरा वाहन व चालक की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रात्रि गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है.
Also Read: नालंदा के 9800 घरों में लगेंगे मुफ्त सोलर पैनल, 14 जून को मुख्यमंत्री करेंगे योजना का शुभारंभ
