बिहारशरीफ सदर अस्पताल परिसर में संचालित जीविका दीदी रसोई में मंगलवार, एक सितंबर से भोजन की नयी दरें लागू हो गयी हैं. चाय और रोटी को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख खाने की सामग्री के दाम में 5 से 20 रुपये तक की वृद्धि की गयी है.
चिकेन चावल और मछली चावल की थाली 20 रुपये महंगी हो गयी है, जबकि रोटी और कुल्हड़ चाय की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नयी दरों के अनुसार रोटी थाली और चावल थाली 40 से बढ़कर 50 रुपये, अंडा थाली 60 से 70 रुपये, पनीर थाली 70 से 80 रुपये और पूरी थाली 40 से बढ़कर 50 रुपये हो गयी है.
प्रबंधन के अनुसार आमलोगों और मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चाय की कीमत 10 रुपये ही रखी गयी है. रसोई को नो-प्रॉफिट, नो-लॉस के आधार पर संचालित करने का प्रयास किया जा रहा है. नयी दरों में सबसे अधिक 20 रुपये की बढ़ोतरी चिकेन चावल और मछली चावल में हुई है. वहीं कुल्हड़ चाय, रोटी, एक्स्ट्रा चावल और पापड़ के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
हालांकि प्रभात खबर ने पहले ही जीविका दीदी रसोई में भोजन की कीमत बढ़ने की आशंका जतायी थी, जो एक सितंबर से नयी दरें लागू होने के साथ सही साबित हुई. कैंटीन प्रबंधन ने मंगलवार से संशोधित दरें लागू कर दीं. हालांकि, आमलोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल्हड़ चाय, रोटी, एक्स्ट्रा चावल और पापड़ समेत कुछ वस्तुओं की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
घर जैसा स्वाद, होटल से सस्ता भोजन
जीविका दीदी रसोई में भोजन करने वाले चंदन कुमार, मनोज तिवारी और विवेक राज ने बताया कि वे अक्सर यहां भोजन करने आते हैं. खासकर जब उनके परिजन या परिचित इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती होते हैं या बिहारशरीफ में किसी काम से आना होता है, तो होटल के बजाय जीविका दीदी रसोई में भोजन करना पसंद करते हैं. उनके अनुसार यहां घर जैसा स्वाद, साफ-सुथरा माहौल और किफायती दर में भोजन मिलता है.
उन्होंने कहा कि नयी दर लागू होने के बाद भी यहां की भोजन थाली बाहर के होटलों की तुलना में काफी सस्ती है. कुल्हड़ चाय से लेकर भोजन तक, होटल में इसके लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ती है. यहां अब भी 10 रुपये में कुल्हड़ चाय और 50 रुपये में सादा भोजन थाली उपलब्ध है, जो आम व्यक्ति के लिए भरपेट भोजन के लिहाज से सुविधाजनक है.
स्वीकृति के बाद लागू हुई नयी दर
कैंटीन मैनेजर मनोहर कुमार ने बताया कि आमलोगों की सुविधा को देखते हुए चाय की कीमत में वृद्धि नहीं की गयी है. वहीं जीविका दीदी रसोई के लेखापाल मिथिलेश कुमार ने बताया कि कीमतों में बढ़ोतरी संबंधित स्तर के संघ और बोर्ड ऑफ डिपार्टमेंट की स्वीकृति के बाद लागू की गयी है.
Also Read : बिहारशरीफ : कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे का मौका, 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत; 5,600 मामले चिन्हित
उन्होंने कहा कि नयी दर निर्धारित करते समय गरीब और जरूरतमंद लोगों की जेब का भी ध्यान रखा गया है. रसोई को नो-प्रॉफिट, नो-लॉस के आधार पर चलाने का प्रयास किया जा रहा है.
20 रुपये तक बढ़े विभिन्न सामग्रियों के दाम
खाद्य सामग्री की पुरानी दर, नयी दर और वृद्धि का विवरण इस प्रकार है:
- कुल्हड़ चाय: 10 रुपये - 10 रुपये (कोई बदलाव नहीं)
- रोटी थाली: 40 रुपये - 50 रुपये (10 रुपये)
- चावल थाली: 40 रुपये - 50 रुपये (10 रुपये)
- चिकेन चावल (2 पीस): 80 रुपये - 100 रुपये (20 रुपये)
- मछली चावल (2 पीस): 90 रुपये - 110 रुपये (20 रुपये)
- अंडा थाली (2 पीस): 60 रुपये - 70 रुपये (10 रुपये)
- ऑमलेट: 30 रुपये - 35 रुपये (05 रुपये)
- ब्रेड ऑमलेट (2 पीस): 35 रुपये - 40 रुपये (05 रुपये)
- मटन चावल (2 पीस): 130 रुपये - 140 रुपये (10 रुपये)
- एक्स्ट्रा चावल: 20 रुपये - 20 रुपये (कोई बदलाव नहीं)
- रोटी: 5 रुपये पीस - 5 रुपये पीस (कोई बदलाव नहीं)
- आलू/सत्तू पराठा (2 पीस): 40 रुपये - 50 रुपये (10 रुपये)
- पनीर थाली: 70 रुपये - 80 रुपये (10 रुपये)
- प्लेन पराठा (2 पीस): 25 रुपये - 30 रुपये (05 रुपये)
- पूरी थाली: 40 रुपये - 50 रुपये (10 रुपये)
- पापड़: 5 रुपये पीस - 5 रुपये पीस (कोई बदलाव नहीं)
- नॉनवेज मेकिंग चार्ज: 175 रुपये किलो - 190 रुपये किलो (15 रुपये)
