बिहारशरीफ से कंचन की रिपोर्ट
नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में लगातार बढ़ती सड़क जाम की समस्या, सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बरसात के मौसम के दौरान संभावित शहरी बाढ़ (अर्बन फ्लडिंग), जलजमाव, यातायात बाधित होने की आशंका तथा बिहारशरीफ शहर में बढ़ते सड़क जाम के स्थायी समाधान पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
ई-रिक्शा बने जाम की वजह, प्रशासन ने तय किया नया ट्रैफिक प्लान
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें. ई-रिक्शा के लिए तय होंगे रूट, होगी सख्त निगरानी बैठक में शहर में अनियंत्रित रूप से चल रहे ई-रिक्शा को सड़क जाम का प्रमुख कारण माना गया. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ई-रिक्शा का परिचालन केवल निर्धारित रूट पर ही कराया जाए.
रामचंद्रपुर, मछली मंडी और हॉस्पिटल मोड़ पर चलेगा विशेष अभियान
इसके लिए रूट निर्धारण, मार्गों का चिन्हांकन तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे. जाम वाले क्षेत्रों में चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रशासन ने रामचंद्रपुर, मछली मंडी, मामू-भगिना मोड़, अंबेर चौक, हॉस्पिटल मोड़ तथा भैंसासुर मोड़ को शहर के सबसे अधिक जाम प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया है. इन स्थानों पर विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया.
ट्रैफिक हॉटस्पॉट पर होमगार्ड और पुलिस कांस्टेबल करेंगे निगरानी
अधिकारियों से कहा गया कि सड़क की पूरी चौड़ाई यातायात के लिए उपलब्ध कराई जाए, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित न हो. हॉटस्पॉट पर दो पालियों में तैनात होंगे पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जाम प्रभावित हॉटस्पॉट की पहचान कर वहां दो पालियों में होमगार्ड एवं पुलिस कांस्टेबल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्णय लिया गया. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल यातायात को नियंत्रित किया जाए. तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगी रोक बैठक में भागनबीघा–नूरसराय–चंडी मार्ग पर तेज गति से चलने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए.
भैंसासुर से एतवारी बाजार तक क्लीनिकों के लिए होगी अलग पार्किंग व्यवस्था
प्रशासन का मानना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात अधिक सुरक्षित होगा. क्लीनिकों के लिए बनेगी पार्किंग व्यवस्था जिलाधिकारी ने भैंसासुर से समाहरणालय तथा एतवारी बाजार क्षेत्र में संचालित निजी क्लीनिकों एवं चिकित्सकों के साथ बैठक कर उनके यहां आने वाले मरीजों के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग जाम का बड़ा कारण है. इसलिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित कर सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखा जाए.
सड़क जाम और दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला
खंदकपर रेलवे क्रॉसिंग पर बनेगा डिवाइडर बैठक में खंदकपर रेलवे क्रॉसिंग के समीप यातायात को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए डिवाइडर निर्माण कराने का भी निर्देश दिया गया. इससे वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होगी और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी. जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बिहारशरीफ शहर के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके. बैठक में नगर निगम, पुलिस प्रशासन, यातायात शाखा तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
