बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में सुबह-सुबह योग से बदल रही महिलाओं की जीवनशैली, योग से बढ़ रही स्वास्थ्य जागरूकता

Bihar Sharif News : बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में रेखा देवी और उनकी टीम द्वारा 2021 से निशुल्क योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल से 50 से अधिक महिलाएं जुड़कर नियमित योगाभ्यास कर रही हैं, जिससे उनकी सेहत और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है.

बिहारशरीफ से सुमित राज की रिपोर्ट
Bihar Sharif News : तेजी से बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में वर्ष 2021 से एक अनोखी पहल लगातार लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रही है. यहां रेखा देवी और उनकी टीम द्वारा प्रतिदिन सुबह बिना किसी शुल्क के महिलाओं को योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है. आज इस पहल से 50 से अधिक महिलाएं जुड़ चुकी हैं और नियमित रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली को अपना रही हैं.

दो महिलाओं से शुरू हुआ कारवां, आज 50 से अधिक महिलाएं जुड़ीं

रेखा देवी बताती हैं कि उन्होंने पहले स्वयं योग सीखा. इसके बाद जब वह नियमित रूप से सुभाष पार्क में योग करने आने लगीं तो आसपास के लोगों ने भी योग सीखने की इच्छा जताई. इसके बाद उन्होंने निशुल्क योग प्रशिक्षण की शुरुआत की. शुरुआत में दो-चार महिलाएं ही आती थीं, लेकिन धीरे-धीरे लोगों का विश्वास बढ़ता गया. आज हर सुबह पांच बजे से सात बजे तक 50 से अधिक महिलाएं नियमित रूप से योग सीखने और अभ्यास करने पहुंचती हैं.

योग कर रही महिलायें

हरिद्वार से प्रशिक्षण लेकर महिलाओं को सिखा रहीं योग

रेखा देवी की सहयोगी किरण देवी ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में अपनी सहयोगी उषा देवी के साथ योग की शुरुआत की थी. कोरोना महामारी के दौरान कुछ समय के लिए प्रशिक्षण रोकना पड़ा, लेकिन वर्ष 2021 में इसे दोबारा शुरू किया गया. किरण देवी हरिद्वार से योग का प्रशिक्षण भी ले चुकी हैं. उनका कहना है कि योग एक सतत सीखने की प्रक्रिया है और वह आज भी नई-नई तकनीकें सीखने का प्रयास करती रहती हैं. उन्होंने बताया कि नियमित रूप से अनुलोम-विलोम और अन्य प्राणायाम करने से शरीर स्वस्थ रहता है. उनके अनुसार योग के कई आसन ऐसे हैं जो विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाव करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुधारने में भी मददगार साबित होते हैं.

योग से बदली महिलाओं की जिंदगी

सुभाष पार्क में योग करने वाली महिलाओं में शामिल सुधा सिन्हा बताती हैं कि कुछ वर्ष पहले तक वह जोड़ों के दर्द और अन्य शारीरिक समस्याओं से काफी परेशान थीं. स्थिति ऐसी थी कि ठीक से चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया था और डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी थी. लेकिन नियमित रूप से योग करने के बाद उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार आया. आज वह पहले की तुलना में खुद को अधिक स्वस्थ, ऊर्जावान और सक्रिय महसूस करती हैं. उनके अनुसार योग ने उनकी जीवनशैली ही बदल दी है.

आसपास के मोहल्लों से पहुंचते हैं लोग

सुभाष पार्क में आयोजित इस निशुल्क योग प्रशिक्षण में बिहारशरीफ के कई मोहल्लों से महिलाएं प्रतिदिन पहुंचती हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल न केवल लोगों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित कर रही है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ा रही है.

बारिश और ठंड में होती है परेशानी, स्थायी स्थान की मांग

रेखा देवी बताती हैं कि गर्मियों में खुले वातावरण में योग कराना आसान रहता है, लेकिन बारिश और ठंड के मौसम में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. मौसम खराब होने पर प्रशिक्षण प्रभावित हो जाता है. उन्होंने प्रशासन से स्थायी स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है, जहां बिना किसी बाधा के नियमित योग प्रशिक्षण चलाया जा सके. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उन्होंने स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार से भी इस संबंध में अनुरोध किया था कि योग के लिए एक स्थायी स्थान और शेड की व्यवस्था कराई जाए, ताकि मौसम की परवाह किए बिना प्रशिक्षण जारी रखा जा सके.

फिटनेस पार्क की दूरी बनी बड़ी चुनौती

बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत बने फिटनेस पार्क में योग के लिए अलग स्थान विकसित किया गया है, लेकिन रेखा देवी और योग करने वाली महिलाओं का कहना है कि वह स्थान उनके लिए काफी दूर है. वहां आने-जाने में अधिक समय लगता है और सभी महिलाएं प्रतिदिन इतनी दूरी तय करने में सक्षम नहीं हैं. ऐसे में उन्होंने सुभाष पार्क या उसके आसपास ही स्थायी योग केंद्र विकसित करने की मांग की है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस निशुल्क योग अभियान का लाभ उठा सकें.

Also Read : पंचायत चुनाव से पहले डोभी में राजनीतिक हलचल बढ़ी, आरक्षण रोस्टर 2026 को लेकर चौक-चौराहों पर चर्चा तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >