Bihar Sharif News : राजगीर अंचल को नया अंचलाधिकारी मिल गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार वर्तमान अंचलाधिकारी अनुज कुमार का तबादला पटना सदर अंचलाधिकारी के पद पर किया गया है. उनके स्थान पर औरंगाबाद जिले के हसपुरा की अंचलाधिकारी एवं कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) की चर्चित प्रतिभागी कौशल्या कुमारी को राजगीर का नया अंचलाधिकारी नियुक्त किया गया है.
शिक्षण से प्रशासन तक, कौशल्या कुमारी की सफलता की कहानी
इस तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कौशल्या कुमारी प्रशासनिक सेवा में आने से पहले शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. बाद में उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 60वीं–62वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा उत्तीर्ण कर बिहार राजस्व सेवा में स्थान प्राप्त किया. सेवा में आने के बाद उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपनी प्रशासनिक दक्षता, त्वरित निर्णय क्षमता और जनहितकारी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है.
बिहार की 534 अंचलों की रैंकिंग में हसपुरा बना अव्वल
सूत्रों के अनुसार हसपुरा अंचलाधिकारी के रूप में उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है. जून 2025 में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा जारी राज्यव्यापी समीक्षा में बिहार के 534 अंचलों की रैंकिंग में हसपुरा अंचल को प्रथम स्थान मिला था. इस उपलब्धि का श्रेय कौशल्या कुमारी के प्रभावी नेतृत्व, राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन, भूमि विवादों के समयबद्ध समाधान, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तथा कार्यालय व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के प्रयासों को दिया गया था.
आरा की कौशल्या कुमारी ने KBC में जीते थे 12.50 लाख रुपये
उनके कार्यों की विभागीय स्तर पर भी सराहना हुई थी. प्रशासनिक उपलब्धियों के साथ-साथ कौशल्या कुमारी अपनी विशिष्ट पहचान के कारण भी चर्चित रही हैं. भोजपुर जिले के आरा की मूल निवासी कौशल्या ने वर्ष 2014 में लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में भाग लेकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी. 11 सितंबर 2014 को प्रसारित एपिसोड में उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 12.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि जीती थी.
अनुज कुमार का पटना सदर तबादला, कार्यकुशलता का मिला इनाम
उनकी सफलता ने उस समय पूरे बिहार का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था. इधर राजगीर के वर्तमान अंचलाधिकारी अनुज कुमार को पटना सदर जैसे महत्वपूर्ण अंचल की जिम्मेदारी सौंपे जाने को उनकी कार्यकुशलता का सम्मान माना जा रहा है. राजगीर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राजस्व मामलों के निष्पादन, अतिक्रमण हटाने, भूमि संबंधी विवादों के समाधान तथा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की थी.
पर्यटन नगरी राजगीर में नई CO से बढ़ी विकास की उम्मीदें
ऐतिहासिक, धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी राजगीर में कौशल्या कुमारी की तैनाती से स्थानीय लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई हैं. लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राजस्व प्रशासन और अधिक पारदर्शी, जवाबदेह तथा जनोन्मुखी बनेगा. साथ ही भूमि विवादों के निष्पादन, अतिक्रमण हटाने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी नई गति आएगी. प्रशासनिक हलकों में इस पदस्थापन को राजगीर के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
Also Read : गया जी के निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजन आक्रोशित, मौके पर पहुंची पुलिस
