Bihar Sharif News : नालंदा जिले के अस्थावां बाजार में शुक्रवार को आपसी बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पारिवारिक विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना में पिता-पुत्र समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया है.
पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अस्थावां बाजार स्थित मां पार्वती मिष्ठान भंडार के संचालन और बंटवारे को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने शुक्रवार को मारपीट का रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई और दो लोग घायल हो गए.
पिता-पुत्र घायल, बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर
मारपीट में अस्थावां निवासी स्वर्गीय मथुर हलवाई के लगभग 40 वर्षीय पुत्र अवधेश प्रसाद तथा उनके भाई मिथिलेश प्रसाद के पुत्र घायल हो गए. दोनों को पहले अस्थावां रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर कर दिया गया.
मिष्ठान भंडार के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
घायल अवधेश प्रसाद ने बताया कि मां पार्वती मिष्ठान भंडार का संचालन पहले उनके पिता और गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में तय बंटवारे के अनुसार किया गया था. समझौते के तहत प्रत्येक भाई को तीन-तीन महीने तक दुकान चलाने की जिम्मेदारी दी गई थी.
समझौते के पालन को लेकर बढ़ा विवाद
अवधेश प्रसाद का आरोप है कि सभी भाइयों ने इस व्यवस्था का पालन किया, लेकिन जब मिथिलेश प्रसाद की बारी समाप्त हुई तो उन्होंने दुकान दूसरे भाई को सौंपने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
Also Read : तीन माह पहले हुई थी शादी, अब नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद शव गायब, पुलिस के सामने कई सवाल
