चिराग पासवान पहुंचे राजगीर, गंजपर गांव पहुंच मॉब लिंचिंग पीड़ितों के परिजनों से की मुलाकात, सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया

Bihar Sharif News : नालंदा जिले के गंजपर गांव में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पहुंचे, जहां उन्होंने मॉब लिंचिंग में मारे गए दो युवकों के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एक आश्रित को नौकरी तथा बच्चों की निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था का आश्वासन दिया.

Bihar Sharif News : केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित गंजपर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने मॉब लिंचिंग के शिकार दो युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया. इस दौरान उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पीड़ित परिवार के एक आश्रित को नौकरी और बच्चों की निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था कराने की घोषणा की. केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत पिंटू पासवान और श्रवण पासवान के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से घटना की जानकारी ली.

राजगीर की घटना पर बोले चिराग पासवान, दोषियों को मिलेगी सख्त सजा

उनके साथ बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार भी मौजूद रहे. गौरतलब है कि 15 जून को राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के पास चोरी के शक में गंजपर गांव के दो युवकों की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इसी घटना के बाद केंद्रीय मंत्री पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे. मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि मॉब लिंचिंग जैसी घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. उन्होंने कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

कानून-व्यवस्था पर सरकार गंभीर, दोषियों को नहीं मिलेगी राहत: चिराग पासवान

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बिहार में बढ़ते अपराध के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार कानून-व्यवस्था पर पूरी गंभीरता से निगरानी रखे हुए है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी.

एनकाउंटर केस पर कार्रवाई का भरोसा, चिराग पासवान का सख्त रुख

आरा में भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. इस अवसर पर लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र मुकुट सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read : तेज धूप और उमस से बेहाल बेगूसराय, बादलों की आवाजाही के बावजूद नहीं मिली गर्मी से राहत, आज कैसा रहेगा मौसम?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >