Bihar Sharif News : रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत भदवा गांव में शुक्रवार को छत पर कपड़ा सुखाने के दौरान एक महिला करंट की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है.
नंगे तार से करंट लगने पर महिला घायल, अस्पताल में इलाज जारी
घायल महिला की पहचान संजय पासवान की 45 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि संगीता देवी सुबह अपने घर की छत पर कपड़े सुखाने के लिए गई थीं. इसी दौरान छत के समीप से गुजर रहे एक नंगे बिजली के तार की चपेट में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया.
घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया
करंट लगते ही वह छत पर ही गिर पड़ीं और शोर सुनकर परिवार के सदस्य तथा आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिना देर किए उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
Also Read : तेज धूप और उमस से बेहाल बेगूसराय, बादलों की आवाजाही के बावजूद नहीं मिली गर्मी से राहत, आज कैसा रहेगा मौसम?
