नालंदा के हिलसा शहर के बिहार रोड में वर्षों से बनी जाम की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान एवं बिहारशरीफ जाने वाली बसों का पड़ाव स्थानांतरित करने की मांग को लेकर बुधवार को 500 से अधिक व्यवसायियों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन के साथ एक प्रतिनिधिमंडल अनुमंडल कार्यालय पहुंचा.
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ अमित कुमार पटेल से मुलाकात कर उन्हें आवेदन सौंपा और बिहार रोड में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से व्यापारियों, राहगीरों एवं आम लोगों को हो रही भारी परेशानियों से अवगत कराया.
आवेदन देने से पूर्व बिहार रोड स्थित एक कमेटी हॉल में व्यवसायियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जाम की समस्या के कारण व्यापार एवं आम आवागमन पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अनुमंडल प्रशासन से बस पड़ाव को उसके निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की पुरजोर मांग की जाए.
सिनेमा मोड़ के पास बसें खड़ी रहने से लगता है जाम
व्यवसायियों ने आवेदन के माध्यम से प्रशासन को बताया कि सिनेमा मोड़ से बिहारशरीफ जाने वाली बसें सड़क किनारे लंबे समय तक अनधिकृत रूप से खड़ी रहती हैं, जिससे बिहार रोड पर प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
उन्होंने मांग की कि इन सभी बसों का पड़ाव बुढ़वा महादेव के समीप पूर्व से निर्धारित बस पड़ाव तक ही सीमित किया जाए, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके.
सुबह 8 से रात 8 बजे तक माल की लोडिंग-अनलोडिंग पर रहेगा प्रतिबंध: SDO
आवेदन प्राप्त करने के बाद एसडीओ अमित कुमार पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रशासन शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि इस अभियान में स्थानीय व्यवसायियों का सक्रिय सहयोग बेहद आवश्यक है.
एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक बाजार क्षेत्र में सड़क पर वाहन खड़ा कर किसी भी प्रकार की सामग्री की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होने दी जाएगी. इस नियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने व्यवसायियों व आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति निर्धारित समय के दौरान सड़क पर वाहन खड़ा कर माल की लोडिंग या अनलोडिंग करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल अनुमंडल प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके. एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि सभी के सहयोग से बिहार रोड की जाम समस्या का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा.
