Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के सिरारी थाना पुलिस की संवेदनशील पहल से सात वर्षों से परिवार से बिछड़ी 55 वर्षीय महिला आखिरकार अपने परिजनों से मिल गई. मां-बेटे के भावुक मिलन का दृश्य देखकर थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों की भी आंखें नम हो गईं. पुलिस के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है.
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई को सिरारी थाना के पुलिस अवर निरीक्षक निखिल भास्कर ने भदौस गांव से भटक रही एक अज्ञात महिला को बरामद किया था. महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी और पूछताछ के दौरान बार-बार अलग-अलग पते बता रही थी. इसके बाद उसे महिला हेल्पलाइन में सुरक्षित रखा गया.
लगातार प्रयास के बाद मिला सही सुराग
एसआई निखिल भास्कर ने बताया कि महिला के बताए गए पतों का सत्यापन किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली. करीब छह दिनों तक विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों की पुलिस से संपर्क करने के बाद महिला ने खुद को भोजपुर जिले का निवासी बताया. इसके आधार पर शाहपुर थाना पुलिस से संपर्क किया गया, जहां उसकी पहचान हरिहरपुर गांव निवासी रविंद्र पाल की पत्नी सबिता देवी के रूप में हुई.
सात वर्ष पहले घर से हो गई थीं लापता
जांच में पता चला कि सबिता देवी मानसिक बीमारी के कारण सात वर्ष पहले घर से निकल गई थीं और तब से परिवार उनकी तलाश कर रहा था. जानकारी मिलने पर उनका 16 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार अपने मौसेरे भाई के साथ सिरारी थाना पहुंचा. वर्षों बाद मां को सामने देखकर वह भावुक हो उठा और दोनों का मिलन सभी के लिए भावुक क्षण बन गया.
पुलिस की मानवीय पहल की हो रही सराहना
महिला के पुत्र अंकित कुमार ने बताया कि परिवार ने बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में मां की तलाश की थी. तीन वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के गोंडा से भी सूचना मिली थी, लेकिन तब भी उनका पता नहीं चल सका. अंततः सिरारी थाना पुलिस, विशेषकर एसआई निखिल भास्कर के लगातार प्रयास से उनकी मां सुरक्षित मिल सकीं. इस मानवीय कार्य के लिए पुलिस की व्यापक सराहना की जा रही है.
