Census 2027 : नालंदा के बिंद प्रखंड कार्यालय में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर BDO जफरूद्दीन ने जनगणना पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की. बैठक में उन्होंने जनगणना से जुड़े काम को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया को सटीक तरीके से पूरा करने पर जोर दिया.
BDO ने कहा कि गणना ब्लॉक के गठन का काम बेहद सावधानी के साथ किया जाना है. इसके लिए बिंद प्रखंड में 18 जनगणना पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है. सभी पर्यवेक्षकों को अपने क्षेत्र से जुड़ी जानकारी को सही तरीके से तैयार करने और दर्ज करने का निर्देश दिया गया.
मकान सूचीकरण ब्लॉक से बनेगा गणना ब्लॉक
बैठक में बताया गया कि जनगणना परिपत्र संख्या-21 के तहत मकान सूचीकरण ब्लॉक यानी HLB से गणना ब्लॉक यानी EB का गठन किया जाएगा. इसके साथ ही मकान सूची यानी AHL भी तैयार की जाएगी.
BDO ने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि जनगणना से जुड़े आंकड़े तैयार करने और उन्हें दर्ज करने के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए. किसी भी स्तर पर जानकारी में गलती न हो, इसके लिए संबंधित कर्मियों को अपने क्षेत्र की जानकारी अच्छी तरह जांचने के बाद ही रिकॉर्ड तैयार करने को कहा गया.
लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
BDO जफरूद्दीन ने सख्त लहजे में कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. अगर किसी स्तर पर गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों से तय समय सीमा का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ काम पूरा करने को कहा. बैठक में जनगणना से जुड़े कार्यों की तैयारी और प्रक्रिया को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा की गई. बैठक में अमित कुमार, आनंद कुमार, धर्मवीर कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे.
