नालंदा : हर घर तिरंगा अभियान को लेकर नालंदा डीएम की समीक्षा बैठक, तीन चरणों में निकलेगी तिरंगा यात्रा

Nalanda News : नालंदा में 79वें स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां जोरों पर हैं. जिलाधिकारी उदिता सिंह ने अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं. इस वर्ष 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तीन चरणों में तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है.

Nalanda News : आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों को लेकर नालंदा जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सोमवार को समाहरणालय स्थित न्यू एनआईसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

साथ ही लोक शिकायत, सहयोग पोर्टल, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) से जुड़े मामलों समेत सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान, विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और राष्ट्रीय पर्व को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना है. सभी विभाग पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य संस्कृति को अपनाते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

तीन चरणों में आयोजित होगी तिरंगा यात्रा

बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा तीन चरणों में आयोजित की जाएगी. 11 अगस्त : सभी प्रखंड मुख्यालयों में तिरंगा यात्रा. 12 अगस्त : जिला मुख्यालय स्तर पर तिरंगा यात्रा. 13 अगस्त : पटना में राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा.

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और ऐसा कोई भी घर न बचे जहां तिरंगा न पहुंचे.

विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का आयोजन

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्लोगन लेखन, चित्रकला, सेल्फी प्रतियोगिता, निबंध लेखन तथा सामूहिक वंदे मातरम् गायन जैसे राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएं.

इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा समाहरणालय से कारगिल पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित करने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राष्ट्रभक्ति विषयों पर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने का भी निर्देश दिया गया.

सहयोग पोर्टल, एनएचआरसी और राशन कार्ड की समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर 60 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का तत्काल निष्पादन किया जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता स्वीकार नहीं की जाएगी.

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का जिला स्तर पर त्वरित निष्पादन कर समय पर मुख्यालय भेजा जाए, ताकि जिला स्तर पर कोई भी मामला लंबित न रहे.

राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कुछ क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों का शत-प्रतिशत राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.

नल-जल भुगतान, डिग्री कॉलेज भूमि और अभियान बसेरा-2

बैठक में हर घर नल का जल योजना के लंबित भुगतानों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उच्च शिक्षा के विस्तार को लेकर जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए शीघ्र उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भूमि चयन करते समय सड़क संपर्क और परिवहन सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

बैठक में बताया गया कि अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत नालंदा जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है. जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों की सराहना करते हुए अन्य योजनाओं में भी इसी प्रकार परिणाम देने का आह्वान किया. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक सरकारी कार्यालय में नियमानुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए.

साथ ही ध्वज वितरण की ऐसी व्यवस्था की जाए कि प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक घर तक समय पर तिरंगा उपलब्ध हो सके. बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने लोक शिकायत, न्यायालयीन मामलों, सहयोग पोर्टल तथा अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली का उद्देश्य आम लोगों को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी.

Also Read : गया जी : डोभी नगर पंचायत में ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि, आरोपित चालक पर स्पीडी ट्रायल की उठी मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >