बिहारशरीफ. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना के द्वारा जिले में आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा-2025 मेें वीक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्ति वैसे शिक्षक जो वीक्षण कार्य नहीं कर रहे हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार के द्वारा उक्त आशय का निर्देश जारी कर सभी केंद्राधीक्षकों से अब तक वीक्षक के रूप में योगदान नहीं करने वाले तथा वीक्षण कार्य से इनकार करने वाले सभी शिक्षकों की सूची मांगी गई है. उन्होंने कहा है कि कई परीक्षा केन्द्रों से यह सूचना प्राप्त हो रही है कि रेण्डमाइजेशन पद्धति से भेजे गये वीक्षकगण द्वितीय पाली में वीक्षण कार्य करने से मना कर रहे है. जबकि वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति दोनों पाली की परीक्षा के लिए की गई है. वीक्षण कार्य से इंकार किया जाना बिहार विद्यालय परीक्षा अधिनियम 1981 की अवहेलना है. इस प्रकार की कोताही पर कारवाई किये जाने का प्रावधान हैं. उन्होंने सभी केन्द्राधीक्षकों को यह आदेश दिया है कि ऐसे सभी वीक्षकों की सूचना उपलब्ध करायें एवं जो इनकार करते है वैसे शिक्षको की सूची उपलब्ध करावें. ऐसे सभी शिक्षकों पर नियमानुसार कारवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
