Bihar Weather Update: बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. मौसम विभाग ने आज राज्य के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. विभाग ने 29 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान लगाया है.
सामान्य से 37 फीसदी कम हुई बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में अब तक बिहार में 277.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जबकि इस समय तक 442.3 मिमी वर्षा हो जानी चाहिए थी. यानी राज्य में अब भी करीब 37 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है.
मानसून की ट्रफ लाइन बिहार के करीब
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की ट्रफ लाइन बिहार के नजदीक से गुजर रही है. यह रेखा राजस्थान से मध्य भारत और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. ट्रफ लाइन के बिहार के पास रहने से बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. इसी वजह से राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है.
ठंडी पुरवा हवा से मौसम सुहावना
राज्य में 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी पुरवा हवा भी चल रही है. इन हवाओं की वजह से वातावरण में नमी बनी हुई है. बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो रही है और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है.
पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश पटना जिले के फुलवारीशरीफ में 53.6 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा नवादा में 52 मिमी, पटना एयरपोर्ट पर 42.7 मिमी और पकरीबरावां (नवादा) में 36.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. वहीं, पूसा (समस्तीपुर) और बोचहां (मुजफ्फरपुर) में 34.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
इन जिलों में सामान्य, तो कहीं कम हुई बारिश
नालंदा, सारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, जहानाबाद और बक्सर में सामान्य बारिश दर्ज की गई. वहीं गया, वैशाली, बेगूसराय, अरवल और शेखपुरा में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पटना में चार दिन तक रहेगा बदला-बदला मौसम
पटना में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार शहर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. बीच-बीच में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग की लोगों और किसानों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बिजली चमकने के दौरान बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें. खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. किसान भी खेतों में काम करने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.
Also Read: Bihar Band: सुबह शांत, दोपहर हिंसा, शाम इस्तीफा, बिहार बंद में दिनभर क्या-क्या हुआ
