Bihar Weather: बिहार में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश, आंधी और वज्रपात का सिलसिला फिलहाल थम गया है. रविवार यानी 13 सितंबर को पूरे प्रदेश में मौसम सामान्य रहने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने आज के लिए बारिश या वज्रपात को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है. इससे लोगों को खराब मौसम से राहत मिलने की उम्मीद है.
पिछले 24 घंटे में धीमी रही मानसून की रफ्तार
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में मानसून की गतिविधियां थोड़ी कमजोर रही हैं. हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पटना में इस दौरान 44 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं.
तापमान की बात करें तो कैमूर (भभुआ) सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में सबसे कम 23.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ.
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई. बोचहा में 44.6 मिमी बारिश हुई. वहीं, मुशहरी में 36.6 मिमी और कांटी में 35.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई. दुल्हिन बाजार में 35.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सोमवार को भी नहीं है कोई अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 14 सितंबर यानी सोमवार को भी बिहार में मौसम मुख्य रूप से सामान्य रहेगा. सोमवार के लिए भी बारिश या वज्रपात को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में अगले दो दिनों तक लोगों को खराब मौसम से राहत मिलने के आसार हैं.
2-3 दिन तापमान में बड़ा बदलाव नहीं
अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने दी सावधानी बरतने की सलाह
आज भले ही कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बादल गरजने या बिजली चमकने की स्थिति में खुले मैदान में जाने से बचें. ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से भी दूरी बनाए रखें.
लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है. वहीं, बाढ़ या जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
