पटना. बिहार का मौसम बदल सकता है. लोगों को भीषण गर्मी और उमस से अगले 24 घंटों में राहत मिल सकती है. उत्तरी और पूर्वी बिहार के अधिकतर इलाकों में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं. इस दौरान ठनका गिरने की भी आशंका है. आइएमडी ने इस क्षेत्र में भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया है. लोगों से बादल छाने पर खुल आकाश के नीचे रहने से मना किया गया है.
थंडर स्टोर्म की गतिविधियां तेज
आइएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक इस क्षेत्र में थंडर स्टोर्म की गतिविधियां तेज हाे गयी हैं. पूर्व-उत्तर बिहार के निकट सिलीगुड़ी में मॉनसून सक्रिय है. आइएमडी के मुताबिक बिहार में मॉनसून प्रवेश की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है. दरअसल सिलीगुड़ी के आसपास मॉनसून तीन दिनों से स्थिर है. मानसून के बिहार आने में अभी एक दो दिन का वक्त लग सकता है. वैसे मानसून के बिहार आने की संभावना 12 जून तक की गयी है.
पुरवैया की रफ्तार बेहद कम
दरअसल पुरवैया की रफ्तार बेहद कम है. उसका प्रभाव क्षेत्र अभी बेहद कमजोर और सीमित है. बिहार की तरफ आ रही पुरवैया सतह से केवल 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक है. मॉनसून के प्रवेश के लिए सतह से उसकी ऊंचाई कम से कम तीन किलोमीटर होनी चाहिए. तभी मॉनसूनी बादल बिहार में मॉनसून का प्रवेश संभव है.
सिलीगुड़ी में मॉनसून की कमजोर
सिलीगुड़ी में मॉनसून की कमजोर सक्रियता का कुछ असर पूर्वी और उत्तरी बिहार के कुछ क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश के रूप में देखने को मिला है. किशनगंज जिले में इस दरम्यान धेंगराघाट क्षेत्र में 120 मिलीमीटर, किशनगंज शहर में 84 , अमौर में 88.2 और चार घिरैया में में 80.4 मिलीमीटर बारिश हुई है. इसके अलावा अररिया में 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है.
