Bihar Weather: बिहार में इस साल रंगों का त्यौहार होली चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच मनाया जा रहा है. IMD के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली हुई रही.
सुबह का वक्त भले ही सुहावना रहा हो, लेकिन दोपहर होते-होते गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. रंग और गुलाल खेल रहे हुरियारों को इस बार फागुन में ही जेठ की तपिश का अहसास होने लगा.
सुबह सुहानी, दोपहर में गर्मी का एहसास
सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. दोपहर में रंग खेलने वालों को तेज धूप का सामना करना पड़ा. हालांकि शाम होते-होते हल्की ठंडक लौटने की संभावना है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है.
फिलहाल बारिश या बादल छाने के कोई संकेत नहीं हैं. मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. लेकिन सावधान रहें, क्योंकि दो से तीन दिनों के बाद पारे में 2 डिग्री से 4 डि री तक की क्रमिक वृद्धि देखी जा सकती है.
अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम शुष्क ही बना रहेगा. अधिकतम तापमान अगले दो-तीन दिन लगभग स्थिर रह सकता है, लेकिन उसके बाद इसमें दो से चार डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि की संभावना है. न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बढ़ सकता है.
वर्तमान में कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है और उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएं भी कमजोर पड़ चुकी हैं. इसके अलावा, प्रशांत महासागर में ‘ला-नीना’ की कमजोर स्थिति और हिंद महासागर में तटस्थ ‘इंडियन ओशन डिपोल’ के कारण पूर्वी भारत में इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने के संकेत मिल रहे हैं. यही वजह है कि मार्च की शुरुआत में ही बिहार के लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
अप्रैल-मई में बढ़ सकता है लू का खतरा
IMD के अनुसार मार्च से मई के बीच सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है. खासकर अप्रैल और मई में हीटवेव के दिन बढ़ सकते हैं. शहरी इलाकों में ‘हीट आइलैंड इफेक्ट’ के कारण तापमान और अधिक महसूस होगा.
तेज धूप को देखते हुए दोपहर में लंबे समय तक बाहर रहने से बचें. पर्याप्त पानी पिएं, हल्के सूती कपड़े पहनें और रंग खेलने के बाद आराम जरूर करें.
Also Read: होली पर चढ़ेगा धूप का पारा, बिहार में बढ़ेगी गर्मी, जानें मौसम का ताजा अपडेट
