बिहार में 40 डिग्री पहुंचेगा पारा, 3 दिन बाद तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

Bihar Weather Alert: बिहार में इन दिनों धूप और बादलों का खेल जारी है, लेकिन असली बदलाव अभी बाकी है. IMD के अनुसार 5 अप्रैल से राज्य में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर शुरू हो सकता है. तब तक गर्मी और उमस लोगों को परेशान करती रहेगी.

Bihar Weather Alert: बिहार में कुदरत इन दिनों दोहरे रंग दिखा रही है. एक तरफ सूरज की तपिश लोगों को पसीने से तरबतर कर रही है, तो दूसरी तरफ बादलों की लुका-छिपी ने सस्पेंस बना रखा है. अप्रैल की शुरुआत होते ही राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे उमस भरी गर्मी ने बेहाल कर दिया है.

IMD के अनुसार अगले 72 घंटों के भीतर बिहार के आसमान पर बादलों का कब्जा होने वाला है और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश की पूरी संभावना जताई जा रही है.

धूप-छांव के बीच बढ़ रही गर्मी

अप्रैल की शुरुआत के साथ ही बिहार का मौसम अस्थिर बना हुआ है. कहीं तेज धूप तो कहीं बादलों की आवाजाही देखने को मिल रही है. पूर्वी बिहार के ऊपर सक्रिय चक्रवात के कारण यह स्थिति बनी हुई है. फिलहाल बारिश के आसार कम हैं, लेकिन तापमान लगातार बढ़ रहा है.

राजधानी पटना समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है, जबकि कुछ इलाकों में यह 40 डिग्री के करीब जाने की संभावना है. हवा में नमी के कारण उमस भी बढ़ रही है. उमस ने हवाओं की ठंडक को सोख लिया है, जिससे दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है.

5 अप्रैल से आएगी आंधी-बारिश

गर्मी से जूझ रहे बिहारवासियों के लिए 5 अप्रैल की तारीख बड़ी राहत और चुनौती दोनों लेकर आ सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 अप्रैल से एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा, जिससे प्रदेश के मौसम में बड़ा उलटफेर होगा. इस दौरान न केवल हल्की से मध्यम बारिश होगी, बल्कि तेज रफ्तार आंधी भी देखने को मिल सकता है.

किसानों के लिए यह खबर चिंताजनक हो सकती है, इसलिए उन्हें सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों और कृषि कार्यों को इसी बदलाव के अनुसार व्यवस्थित कर लें.

मार्च में टूटा बारिश का रिकॉर्ड

मार्च महीने में बिहार में सामान्य से 214% अधिक बारिश दर्ज की गई. समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में 75.4 मिमी तक वर्षा हुई, जो इस महीने की सबसे ज्यादा रिकॉर्ड की गई बारिश रही. वहीं पूर्णिया में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई. अरवल, गोपालगंज, रोहतास और सारण जैसे जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई.

अप्रैल में गर्मी और बारिश का अनोखा संगम

इस साल अप्रैल का महीना काफी उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है. अप्रैल में एक ओर जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा, वहीं दूसरी ओर आंधी-तूफान का सिलसिला भी सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान है.

Also Read: केरलम में बिहार का अपमान? तेजस्वी यादव के बयान पर सियासी भूचाल!

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >