Bihar Weather Alert: बिहार के कुछ जिलों में बारिश तो कुछ जिलों में उमस वाली गर्मी लोगों को झेलनी पड़ रही है. इस बीच आज 12 जिलों में मौसम विभाग की तरफ से अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 5 जिलों में ऑरेंज जबकि 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है.
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जबकि शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है, जिसे देखते हुए लोगों को पहले ही सावधानी बरतने की अपील की गई है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है.
क्या कहना है मौसम वैज्ञानिकों का?
उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में इन दिनों ज्यादा बारिश की गतिविधियां देखने के लिए मिल रही है. इसे लेकर मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बंगाल की खाड़ी से आने से वाली नमी वाली हवा और कम दबाव का क्षेत्र मजबूत बना हुआ है. खासकर उत्तर और पश्चिम जिलों में यह एक्टिव है. मॉनसून के ट्रफ लाइन के उत्तर-पश्चिम इलाके में मजबूत होने की वजह से बारिश हो रही है. जबकि दक्षिणी हिस्से में कमजोर होने की वजह से उमस झेलनी पड़ रही है.
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो, अगले दो दिनों तक कुछ इसी तरह का मौसम बिहार में बना रहेगा. 17 अगस्त को दक्षिण बिहार के जिलों में अलर्ट जारी किया है. साथ ही मॉनसून का प्रभाव उत्तर बिहार सीमांचल के जिलों में भी रहेगा. इसके बाद 18 अगस्त को डबल अलर्ट जारी किया है. पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण के अलावा दूसरे उत्तर और दक्षिण बिहार के जिलों में मौसम बिगड़ा रह सकता है.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
पिछले 24 घंटों के दौरान एक-दो जगहों को छोड़कर किसी भी जिले में बारिश की गतिविधि दर्ज नहीं की गई. कई जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रही. पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, मोतिहारी, दरभंगा समेत कई जिलों में धूप-छांव का दौर जारी रहा. इस दौरान कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई.
पटना में मौसम का हाल
पटना के मौसम की बात करें तो, आज जिले में लोगों को उमस से परेशानी हो सकती है. सुबह-सुबह ही अच्छी धूप खिल गई है. लेकिन मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि दोपहर तक मौसम में बदलाव हो सकता है. हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. राजधानी का तापमान अधिकतम 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
Also Read: सम्राट चौधरी का ऐलान, बिहार में 6 महीने में 10 चीनी मिलें होंगी चालू, युवाओं को मिलेगा रोजगार
