बिहार के इन 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 40km/h की रफ्तार से चलेगी आंधी

Bihar Weather Alert: बिहार में तेज आंधी और बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. आज 19 जिलों में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ सकता है. IMD ने येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Bihar Weather Alert: भीषण गर्मी से जूझ रहे बिहारवासियों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आई हैं. बुधवार को हुई झमाझम बारिश के बाद तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरा प्रदेश ठंडक की आगोश में है.

पटना में भी सुबह से ठंडी हवाएं चलती रहीं और रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी ने पारे को 29 डिग्री सेल्सियस पर ला पटका है.

इन जिलों में अलर्ट

आज गुरुवार को उत्तर और पूर्वी बिहार के करीब 19 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है. सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका और जमुई जैसे इलाकों में तेज हवा के साथ बिजली चमकने का खतरा बना हुआ है.

इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं.

जमुई में दिन में ही छा गया अंधेरा

बुधवार का दिन बिहार के लिए किसी फिल्मी सीन जैसा रहा. जमुई और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर के वक्त ही काली घटाओं ने ऐसा डेरा डाला कि सड़कों पर रात जैसा अंधेरा छा गया. 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी और तेज बारिश ने जनजीवन को थाम दिया.

13 डिग्री लुढ़का पारा, गर्मी को लगा ‘ब्रेक’

पिछले 24 घंटों में बिहार के तापमान में जो गिरावट आई है, उसने मौसम विज्ञानियों को भी हैरान कर दिया है. वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण) में सबसे ज्यादा 13.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.

पूर्वी चंपारण, बक्सर और सिवान जैसे जिलों में भी तापमान 8 से 10 डिग्री तक नीचे आ गया है. इस बेमौसम बारिश ने तपती सड़कों और लू के थपेड़ों से बड़ी राहत दी है, लेकिन किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं.

कल से फिर शुरू होगा धूप का सितम

IMD के ताजा अपडेट के मुताबिक, बारिश कराने वाला सिस्टम अब कमजोर पड़ने लगा है. कल यानी शुक्रवार से आसमान बिल्कुल साफ हो जाएगा. तेज धूप निकलने के कारण तापमान में दोबारा 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होगी.

Also Read: खुशखबरी! बिहार के 4 लाख घरों में जल्द पहुंचेगी PNG गैस, 6 कंपनियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >