Bihar Transport Department: परिवहन विभाग सभी सरकारी बसों में चेहरा कैप्चर करने के लिए एआई तकनीक को लायेगी. बसों के मेन गेट के पास एक फेस डिटेक्टर लगाया जायेगा, जिसे एआई तकनीक से इस्तेमाल किया जायेगा. इसके माध्यम से बसों पर चढ़ने वाले यात्रियों की पहचान और गिनती करना आसान हो जायेगा.
जानकारी के मुताबिक, इस तकनीक की निगरानी के लिए विभाग कंट्रोल रूम से जोड़ा जायेगा. इस फेस डिटेक्टर से लोगों की पहचान के साथ बसों की पूरी निगरानी होगी, जिससे यात्रियों को सहूलियत होगी. परिवहन विभाग के इस फैसले से यात्रियों का सफर सुरक्षित होने की बात कही जा रही है.
बसों और यात्रियों की भीड़ रहने के बाद भी राजस्व में कमी
विभागीय समीक्षा में पाया गया कि बस में सफर के दौरान यात्रियों के साथ अनबन की घटनाएं बढ़ी हैं. बहुत जगहों पर बिना टिकट के यात्री सफर करने की शिकायत आई है, जिससे बसों के परिचालन और भीड़ के बाद भी विभाग को पूरा राजस्व नहीं मिल पा रहा है. इन्हीं कारणों से नई तकनीक को लगाने का निर्णय लिया गया है. इस तकनीक से बिना टिकट लिए सफर करने वालों की पहचान हो पायेगी और राजस्व का भी घाटा नहीं होगा. बिना टिकट बसों में सफर करना मुश्किल होगा.
बसों में ऑनलाइन निगरानी के लिए लगेगा एलईडी टीवी
बसों में ऑनलाइन निगरानी के लिए और बसों में यात्रियों की हरकत को देखने के लिए बस के अंदर एलईडी टीवी लगेगा. इसके माध्यम से यात्री सफर के दौरान लाइव अन्य यात्रियों की हरकत को देख पायेंगे. इससे बसों में हो रही छोटी-मोटी चोरी, यात्री को परेशान करने वाले लोगों की तुरंत पहचान हो जायेगी.
इस संबंध में परिवहन विभाग के सचिव राजकुमार ने कहा कि इस तकनीक से बसों में सफर करने वाले सभी यात्रियों की पहचान के साथ गिनती करना आसान हो गया. जल्द ही इस तकनीक को सभी बसों में इस्तेमाल किया जायेगा.
