केरल जैसी वादियां, उत्तराखंड जैसे झरने और जंगल सफारी का रोमांच, गर्मी की छुट्टियों में घूम आइए बिहार की ये 5 शानदार जगहें

Bihar Top 5 Tourist Places: गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. अगर आप बच्चों और परिवार के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो बिहार के 5 ऐसे पर्यटन स्थल हैं जहां झरनों की ठंडक, जंगल सफारी का रोमांच और प्रकृति की खूबसूरती आपका इंतजार कर रही है. जानिए टिकट, बुकिंग और यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी.

Bihar Top 5 Tourist Places: जून की शुरुआत के साथ ही स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं. ऐसे में अगर आप परिवार और बच्चों के साथ कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो बिहार के कई पर्यटन स्थल आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. यहां ठंडे झरनों से लेकर जंगल सफारी और वन्यजीवों की दुनिया तक, हर उम्र के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास मौजूद है.

ककोलत जलप्रपात: 160 फीट ऊंचाई से गिरता है ठंडे पानी का झरना

नवादा जिले का ककोलत जलप्रपात गर्मियों में पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है. घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित यह झरना करीब 160 फीट की ऊंचाई से गिरता है. इसकी खासियत यह है कि यहां सालभर ठंडा पानी बहता रहता है. गर्मी से राहत पाने के लिए रोज हजारों लोग यहां स्नान करने पहुंच रहे हैं.

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए रेलिंग, रस्सियां और लोहे की जालियां लगाई गई हैं. यहां महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, शौचालय, खानपान और बच्चों के लिए पार्क जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं.

टिकट: सोमवार से शुक्रवार तक 10 रुपए और शनिवार-रविवार को 20 रुपए प्रति व्यक्ति शुल्क लिया जाता है.

ककोलत जलप्रपात की तस्वीर

तुतला भवानी: बिहार में केरल जैसी हरियाली का एहसास

रोहतास जिले का तुतला भवानी जलप्रपात अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए प्रसिद्ध है. दो विशाल पहाड़ों के बीच फैली हरी-भरी घाटी और लगभग 180 फीट की ऊंचाई से गिरता झरना यहां आने वाले पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है.

घाटी के बीच से बहने वाली कछुआर नदी और तुतला भवानी मंदिर इस जगह को धार्मिक और प्राकृतिक दोनों दृष्टि से खास बनाते हैं. वन विभाग ने इसे इको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित किया है, जहां सड़क, झूला पुल और ई-रिक्शा जैसी सुविधाएं मौजूद हैं.

टिकट: तुतला भवानी इको-टूरिज्म स्थल में प्रवेश के लिए 30 रुपए का टिकट लेना होता है. पूरे क्षेत्र को घूमने में करीब 3 घंटे का समय लग सकता है.

तुतला भवानी जलप्रपात की तस्वीर

तेलहार कुंड: प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग

कैमूर की पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच स्थित तेलहार कुंड अपने शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है. यहां का झरना, हरियाली और शुद्ध वातावरण लोगों को शहर की भागदौड़ से दूर सुकून का अनुभव कराता है.

यह स्थान ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और पिकनिक के लिए भी काफी लोकप्रिय है. मानसून के दौरान इसकी खूबसूरती और भी बढ़ जाती है. यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक जलप्रपात के साथ-साथ क्षेत्र की जैव विविधता का भी आनंद ले सकते हैं.

टिकट: यहां प्रवेश शुल्क स्थानीय प्रशासन की व्यवस्था के अनुसार समय-समय पर बदल सकता है. यात्रा से पहले जानकारी लेना बेहतर रहेगा.

तेलहार कुंड की तस्वीर

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व: जंगल सफारी का रोमांच

अगर आप वन्यजीवों को करीब से देखना चाहते हैं तो पश्चिम चंपारण का वाल्मीकि टाइगर रिजर्व शानदार विकल्प है. करीब 910 वर्ग किलोमीटर में फैला यह बिहार का इकलौता टाइगर रिजर्व है.

जंगल सफारी के दौरान यहां बाघ, तेंदुआ, गौर, चीतल और कई दुर्लभ पक्षियों को देखने का मौका मिल सकता है. इसके अलावा गंडक नदी में नाव की सैर कर मगरमच्छ और घड़ियाल भी देखे जा सकते हैं. बच्चों और प्रकृति प्रेमियों के लिए यह जगह किसी रोमांचक अनुभव से कम नहीं है.

सफारी की बुकिंग कैसे करें?

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है. पर्यटक रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पहले से वाहन और सफारी स्लॉट बुक कर सकते हैं. इसके अलावा VTR पहुंचने के बाद भी उपलब्धता के आधार पर बुकिंग कराई जा सकती है.

टिकट और सफारी शुल्क: शुल्क वाहन और सफारी के प्रकार के अनुसार अलग-अलग हो सकता है.

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व

राजगीर जू सफारी: बच्चों के लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन

नालंदा जिले का राजगीर जू और नेचर सफारी बच्चों के साथ घूमने के लिए बेहतरीन जगह है. लगभग 500 एकड़ क्षेत्र में फैले इस सफारी पार्क में शेर, बाघ, तेंदुआ और भालू समेत 250 से अधिक वन्यजीवों को प्राकृतिक माहौल में देखा जा सकता है.

यहां ग्लास ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग, आर्चरी, वॉल क्लाइंबिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी कई एडवेंचर गतिविधियां भी उपलब्ध हैं. यही वजह है कि राजगीर जू सफारी इन दिनों पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है.

टिकट और बुकिंग की जानकारी

राजगीर जू और नेचर सफारी के टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खरीदे जा सकते हैं.

अगर आपको प्रायोरिटी पैकेज लेना है तो एडल्ट के लिए 2,000 रुपए. वहीं बच्चे के लिए 1,000 रुपए देना होगा. इस पैकेज में जू सफारी, नेचर सफारी, ग्लास ब्रिज, थिएटर, एवियरी, एडवेंचर एक्टिविटीज और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी कई सुविधाएं शामिल हैं.

अगर आपको जनरल टिकट लेना है ऑफलाइन लेंगे तो 250 रुपए. वहीं ऑनलाइन लेंगे तो 750 रुपए देना होगा. ऑनलाइन बुकिंग के लिए पर्यटक पहले से स्लॉट रिजर्व कर सकते हैं, जिससे छुट्टियों के दौरान लंबी कतारों से बचा जा सकता है.

राजगीर जू सफारी की तस्वीर

परिवार संग छुट्टियों को बनाइए यादगार

अगर इस गर्मी में आप बच्चों को मोबाइल और टीवी की दुनिया से बाहर निकालकर प्रकृति, रोमांच और वन्यजीवों से रूबरू कराना चाहते हैं, तो बिहार के ये पांच पर्यटन स्थल आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, ठंडे झरने, एडवेंचर एक्टिविटीज और जंगल सफारी आपकी छुट्टियों को यादगार बना देंगे.

Also Read: ‘खान सर मुझे बर्बाद करने की साजिश कर रहे हैं…’, पटना में कोचिंग पर हमला मामले में आई रोशन सर की प्रतिक्रिया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >