बिहार में 24 घंटे के भीतर हुए तीसरे एनकाउंटर की पूरी कहानी पढ़िए, बैरिकेडिंग देख भागा आरोपी, पुलिस पर कर दी फायरिंग

Encounter In Bihar: बिहार में 24 घंटे के भीतर पुलिस का तीसरा एनकाउंटर हुआ है. मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर प्रभात मिश्रा हत्याकांड के नामजद आरोपी अमित कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. एनकाउंटर की पूरी कहानी पढ़िए…

Encounter In Bihar: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती दिख रही है. पिछले 24 घंटे के भीतर राज्य में तीसरा एनकाउंटर हुआ है. ताजा मामला मुजफ्फरपुर का है, जहां प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है. उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है.

बैरिकेडिंग देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस को सूचना मिली थी कि वैशाली का कुख्यात अपराधी अमित कुमार अपने एक साथी के साथ किसी वारदात को अंजाम देने निकल रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने भटौलिया पुल के पास वाहन जांच शुरू कर दी. जैसे ही अमित ने पुलिस की बैरिकेडिंग देखी, उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की. पुलिस उसके पीछे लग गई.

पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक पीछा किए जाने पर अमित कुमार ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. एक गोली अमित के पैर में लगी और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया. हालांकि उसका साथी भागने में सफल रहा.

सुबह-सुबह मौके पर पहुंचे एसएसपी

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा बुधवार सुबह घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने पूरे इलाके का निरीक्षण किया. इसके बाद एसएसपी सीधे एसकेएमसीएच पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की.

प्रभात मिश्रा हत्याकांड का नामजद आरोपी

पुलिस के अनुसार अमित कुमार हाल ही में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा हत्याकांड का नामजद आरोपी है. पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं. अब अन्य शूटरों और साजिश में शामिल लोगों की तलाश तेज कर दी गई है. कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.

24 घंटे में तीसरा एनकाउंटर

बिहार में पिछले 24 घंटे के भीतर यह तीसरा पुलिस एनकाउंटर है. इससे पहले गोपालगंज में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. वहां एक कुख्यात तस्कर के जबड़े में गोली लगी थी. वहीं गया में 48 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था. अब मुजफ्फरपुर में हुए एनकाउंटर ने साफ संकेत दिया है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है.

बीच सड़क हुई थी सनसनीखेज हत्या

20 मई को मुजफ्फरपुर के रोहुआ चौक पर प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बाइक सवार बदमाशों ने चलते वाहन से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. उन्हें पांच गोलियां लगी थीं. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया था.

CCTV में कैद हुई थी वारदात

सीसीटीवी फुटेज में प्रभात मिश्रा बाइक से जाते दिखाई देते हैं. कुछ सेकेंड बाद दूसरी बाइक पर सवार दो अपराधी उनके पीछे पहुंचते हैं. पीछे बैठे बदमाश ने बेहद करीब से पहली गोली चलाई। इसके बाद लगातार कई राउंड फायरिंग की गई. गोली लगते ही प्रभात सड़क पर गिर पड़े और अपराधी फरार हो गए.

अब बाकी आरोपियों की तलाश

पुलिस का दावा है कि अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच को बड़ी सफलता मिली है. उसके बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Also Read: चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे प्रिंस यादव, रौशन आनंद के भाई के साथ नेपाल के होटल में उस रात क्या हुआ

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >