बिहार के शिक्षकों को मिलेगा मनचाहा स्कूल, आज से खुलेगा ट्रांसफर पोर्टल, जल्द शुरू होगी तबादले की प्रक्रिया

Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है. लंबे इंतजार के बाद, तबादला पोर्टल आज से खुल रहा है. शिक्षा मंत्री के अनुसार, प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी होगी, जिसमें शिक्षकों की सुविधा का ध्यान रखा जाएगा.

Bihar Teacher Transfer: बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे समय से इंतजार कर रहे शिक्षकों की तबादला प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने वाली है. शिक्षा विभाग आज से ट्रांसफर पोर्टल खोलने की तैयारी में है. अगले सप्ताह से शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि तबादले के दौरान शिक्षकों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी.

विद्यालयवार रिक्तियों का तैयार हो रहा डाटा

शिक्षकों के तबादले के लिए सबसे पहले विद्यालयवार रिक्तियों का अंतिम डाटा तैयार किया जा रहा है. इसके लिए विभाग ने सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है. मानक मंडल के आधार पर रिक्त पदों की जानकारी सॉफ्टवेयर में दर्ज की जाएगी.

रिक्तियों की फाइनल फीडिंग पूरी होने के बाद शिक्षकों से ऐच्छिक तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे. माना जा रहा है कि 20 जुलाई के आसपास आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.

डिजिटल तरीके से होगा पूरा ट्रांसफर

शिक्षा विभाग का कहना है कि ऑनलाइन प्रक्रिया से तबादलों में पारदर्शिता बढ़ेगी. शिक्षक अपनी पसंद के विद्यालय के लिए घर बैठे आवेदन कर सकेंगे. इससे रिक्तियों का सही आकलन भी हो पाएगा.

11 जुलाई को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से डीपीओ (स्थापना) को विभागीय स्तर पर प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाएगा.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

इन शिक्षकों को मिल सकती है प्राथमिकता

सरकार की योजना है कि तबादले में शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए. गंभीर बीमारी, दिव्यांगता, पति-पत्नी की नौकरी, घर से दूरी और पारिवारिक जिम्मेदारी जैसे कारणों को ध्यान में रखा जाएगा.

इसके अलावा आपसी स्थानांतरण को भी बढ़ावा दिया जाएगा. लंबे समय से शिक्षक अपने गृह क्षेत्र के पास पोस्टिंग की मांग कर रहे थे.

दूर तैनात शिक्षकों को मिलेगी राहत

बिहार में नियोजित शिक्षकों को परीक्षा के बाद सरकारी शिक्षक का दर्जा दिया गया है. वहीं बीपीएससी के माध्यम से भी बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति हुई है. पोस्टिंग के कारण कई शिक्षक अपने घर से काफी दूर चले गए थे.

अब सरकार उन्हें सुविधा के अनुसार तबादले का मौका देने जा रही है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षकों को कहीं जाने की जरूरत नहीं है. वे ई-शिक्षा कोष के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और जल्द ही पूरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

Also Read: हार नहीं मानी, आखिरी दम तक दौड़े सेतू मिश्रा, बिहार के लाल ने भारत की झोली में डाला गोल्ड



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >