Bihar Teacher News: बिहार में सरकारी शिक्षक से लेकर हेडमास्टर तक को उनका नया स्कूल जून महीने में ही मिलने वाला है. राज्य के 5.80 लाख शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों (एचटी), प्रधानाध्यापकों (एचएम) और लाइब्रेरियंस सभी का ट्रांसफर होगा. जून के अंतिम तक महिला शिक्षकों को उनके पंचायत के पास वाले पंचायत में और पुरुष शिक्षकों को उनके प्रखंड के पास वाले प्रखंड के किसी स्कूल में ट्रांसफर कर दिया जायेगा. इसमें शिक्षक और प्रधान शिक्षक भी शामिल होंगे.
शिक्षा मंत्री ने क्या बताया?
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के मुताबिक, शिक्षा विभाग अगले 10 दिनों के अंदर नई ट्रांसफर नीति लागू करेगा. इसके तहत राज्यभर में बड़े पैमाने पर ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू होगी. मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों का ट्रांसफर पूरी तरह ऐच्छिक होगा. जो शिक्षक ट्रांसफर नहीं चाहते हैं, वे अपने वर्तमान स्कूल में ही काम करते रहेंगे. जबकि जो शिक्षक आवेदन करेंगे, उन्हीं के ट्रांसफर पर विचार किया जायेगा.
17 जून को कैबिनेट से मिल सकती है मंजूरी
शिक्षा विभाग ने ट्रांसफर नियमावली तैयार कर ली है. संभावना जताई जा रही है कि 17 जून को होने वाली राज्य कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी मिल जायेगी. इसके बाद तत्काल ऑनलाइन पोर्टल खोला जायेगा और आवेदन लिए जायेंगे. विभाग का लक्ष्य जून के अंत तक ट्रांसफर प्रक्रिया पूरी करने का है.
11 राज्यों की नीति का किया गया स्टडी
शिक्षा मंत्री ने बताया कि बिहार की नई ट्रांसफर पॉलिसी तैयार करने से पहले देश के 11 राज्यों की ट्रांसफर नीतियों को लेकर स्टडी और समीक्षा की गई है. इसके आधार पर ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे शिक्षकों के हितों और स्कूलों की जरूरतों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके.
इस तरह किया जाएगा शिक्षकों का ट्रांसफर
नई नीति के तहत शिक्षकों का ट्रांसफर विषयवार आवश्यकता को ध्यान में रखकर किया जायेगा. जिन स्कूलों में किसी एक विषय के शिक्षक जरुरत से अधिक हैं, वहां से उन्हें उन स्कूलों में भेजा जायेगा जहां उस विषय के शिक्षकों की कमी है. इसके लिए राज्यभर में चल रही रैशनलाइजेशन प्रक्रिया 10 जून तक पूरी कर ली जायेगी. इसके बाद ट्रांसफर किया जायेगा.
टीआरई-3, एचटी, एचएम और लाइब्रेरियन भी होंगे शामिल
शिक्षा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस प्रक्रिया में टीआरई-3 के शिक्षक, नियमित शिक्षक, प्रधान शिक्षक, प्रधानाध्यापक और लाइब्रेरियन भी शामिल होंगे. बिहार में वर्तमान में लगभग 1600 लाइब्रेरियन कार्यरत हैं, जिनका भी पहली बार व्यापक स्तर पर ट्रांसफर होगा.
Also Read: खान सर की कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग करते दिखे बॉडीगार्ड, बवाल का नया वीडियो आया सामने
