Bihar Road Project: पटना रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत कन्हौली-शेरपुर छह लेन सड़क का निर्माण अब मानसून के बाद शुरू होने की उम्मीद है. फिलहाल यह प्रोजेक्ट टेंडर प्रक्रिया में है और एजेंसी के चयन के बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा.
एनएचएआई के मुताबिक सितंबर-अक्टूबर के बीच निर्माण कार्य शुरू हो सकता है, जिससे राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा.
टेंडर और जमीन अधिग्रहण के बाद शुरू होगा काम
इस प्रोजेक्ट पर फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है. मार्च के अंत तक एजेंसी चयन होने की संभावना है, जिसके बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा. इसमें करीब एक से दो महीने का समय लगेगा. ऐसे में मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा.
शेरपुर से कन्हौली के बीच करीब 9 किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा. यह सड़क पटना रिंग रोड का अहम हिस्सा है, जो शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगी.
777 करोड़ की लागत
इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 777.79 करोड़ रुपये आंकी गई है. केंद्र और राज्य सरकार इस खर्च को बराबर-बराबर वहन करेंगी. पहले फंडिंग को लेकर अड़चन थी, लेकिन अब सहमति बनने के बाद रास्ता साफ हो गया है.
कन्हौली के पास एक बड़ा जंक्शन बनाया जाएगा, जो कई प्रमुख सड़कों को जोड़ेगा. कन्हौली गोलंबर को जोड़ने के लिए करीब 1.5 किलोमीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा. इससे यातायात और ज्यादा सुगम होगा. यह सड़क पटना, सारण और वैशाली जिलों से होकर गुजरेगी। साथ ही शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल से इसका कनेक्शन होगा. इससे आरा, बक्सर, गया और वैशाली की ओर जाने वाले रास्ते आसान हो जाएंगे.
जाम से मिलेगी बड़ी राहत
पटना रिंग रोड के बन जाने के बाद भारी वाहनों को शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वे सीधे रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी.
इस प्रोजेक्ट को 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके पूरा होने के बाद पटना की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
Also Read: जमुई में स्टील और नवादा में खुलेगा परमाणु प्लांट, नौकरी की होगी भरमार
