Bihar Flood Alert: (कृष्ण कुमार की रिपोर्ट) बिहार में गंगा और गंडक नदियों का जलस्तर स्थिर बना हुआ है, जबकि कोसी और सोन नदियों के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. जल संसाधन विभाग की ओर से बुधवार सुबह नौ बजे तक के आंकड़े जारी किये गये हैं. इसके अनुसार गंगा नदी का जलस्तर अब भी लगभग सभी स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर है.
सुल्तानगंज में HFL से ऊपर बह रही गंगा
सुल्तानगंज में गंगा नदी का जलस्तर अब भी उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) से ऊपर है. हालांकि राहत की बात यह है कि पटना जिले के हाथीदह तक गंगा के जलस्तर में कमी दर्ज की गयी है. इसके आगे मुंगेर से साहिबगंज तक सभी घाटों पर गंगा का जलस्तर स्थिर बना हुआ है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सोन और कोसी के डिस्चार्ज में बढ़ोतरी
इंद्रपुरी बराज से बुधवार सुबह नौ बजे सोन नदी का डिस्चार्ज 80,511 क्यूसेक दर्ज किया गया. सुबह आठ बजे के मुकाबले इसमें बढ़ोतरी हुई है. वहीं, वीरपुर बराज से कोसी नदी का डिस्चार्ज 1,44,200 क्यूसेक दर्ज किया गया. इसमें भी सुबह आठ बजे की तुलना में बढ़ोतरी हुई है.
वाल्मीकिनगर बराज से गंडक नदी का डिस्चार्ज 86,000 क्यूसेक दर्ज किया गया. इसमें फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है और जलप्रवाह स्थिर बना हुआ है.
क्षतिग्रस्त तटबंधों की युद्धस्तर पर मरम्मत
जलस्तर बढ़ने के कारण जिन बांधों और तटबंधों को नुकसान पहुंचा है, वहां मरम्मत का काम युद्धस्तर पर जारी है. भागलपुर जिले के राघोपुर में क्षतिग्रस्त तटबंध की मरम्मत अंतिम चरण में पहुंच गयी है.
वहीं, सारण जिले के घूरघु कोठिया गांव में माही नदी के दायें तटबंध पर हुए कटाव स्थल को दुरुस्त कर दिया गया है. विभाग की ओर से राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ तटबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है.
