Bihar Rain Alert: बिहार में अब मॉनसून वाली बारिश का दौर शुरू होने वाला है. आज पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया गया है. हीट वेव के साथ तेज आंधी-बारिश का दौर भी देखने के लिए मिल सकता है. मौसम विभाग की ओर से आज कुछ जिलों में येलो और कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
जिन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद शामिल है. इसके साथ ही जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पटना, बेगूसराय, खगड़िया, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, गयाजी, नवादा, जमुई और बांका शामिल है.
इन जिलों में रहेगा 2 तरह का मौसम
मौसम विभाग की माने तो, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, गयाजी, नवादा, जमुई और बांका में दो तरह का मौसम बना रहेगा. इन जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रहने के साथ-साथ बादल भी रहने की संभावना है. यानी कि मौसम में अचानक बदलाव की संभावना है. इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की भी चेतावनी है.
पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम की बात करें तो विभाग की तरफ से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. गुरुवार की रात जिले में अचानक मौसम बदल गया. कई इलाकों में पहले तेज हवा चली और इसके बाद हल्की बारिश भी हुई. लेकिन लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत नहीं मिली. ऐसे में आज भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है.
कब से एक्टिव हो सकता है मॉनसून?
मौसम विभाग की तरफ से पूर्वानुमान जताया गया है कि 27 जून के बाद मॉनसून वाली बारिश की गतिविधियां तेज हो सकतीं हैं. यानी कि जुलाई के पहले हफ्ते तक पूरे बिहार में मॉनसून एक्टिव हो सकता है. इस दौरान लगातार बारिश से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट भी हो सकती है.
