Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बेहद तल्ख हो गया है. राज्य के अधिकतर इलाकों में लोग भीषण उमस और चिलचिलाती गर्मी से बेहाल हैं. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान राज्य के अनेक भागों में दिन के तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
लेकिन, राहत की बात यह है कि बुधवार की शाम से मौसम करवट लेगा और 10 और 11 जून को बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी. मौसम विभाग की माने तो, 10 जून को बारिश का दौर शुरू होने के बाद यह 11, 12, 13 और 14 तारीख तक भी जारी रह सकता है. 10, 11 और 12 तारीख को तो राज्य में डबल अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के अधिकतर हिस्सों में बुधवार तक गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा. इसके बाद मौसम में बदलाव होगा. बुधवार की शाम से और गुरुवार को राज्य के कई भागों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी. इससे आने वाले दिनों में लोगों को उमस से बड़ी राहत मिलेगी.
आज इन जिलों में रहेगा ‘उमस का रेड अलर्ट’
मंगलवार को राजधानी पटना, गयाजी, भभुआ, बक्सर और डेहरी में हवा में नमी की अधिक मात्रा के कारण अत्यधिक उमस भरी गर्मी महसूस होगी. दोपहर के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में लोगों से सावधान रहने और जरुरत होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है.
बिहार के अलग-अलग जिले में तापमान
मौसम विभाग की ओर से डेहरी में 43.4 डिग्री, बक्सर में 42.7 डिग्री, भभुआ में 42.4 डिग्री, औरंगाबाद में 41.6 डिग्री, गयाजी में 41.4 डिग्री, पटना में 41.3 डिग्री, शेखपुरा में 40.2 डिग्री और जीरादेई में 40.2 डिग्री तापमान रहा. इसके अलावा जहानाबाद में 39.2, छपरा में 39.2, राजगीर में 39.1, अरवल में 39, विक्रमगंज में 39.8 और वैशाली में 38.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जिससे इन इलाकों में भी लोग दिनभर पसीने से तर-बतर रहे.
यहां सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रहा. इसमें पटना और बक्सर में 4.5 डिग्री, डेहरी में 3.6 डिग्री, कैमूर में 3.7 डिग्री, शेखपुरा में 3.4 डिग्री और औरंगाबाद में सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया.
Also Read: गया जंक्शन पर प्लेटफॉर्म बदलना होगा आसान, डेल्हा साइड का एस्केलेटर तैयार, इस दिन से शुरू होगी सेवा
