Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों कहीं धूप तो कहीं बारिश का असर देखने के लिए मिल रहा है. इस बीच मौसम विभाग की ओर से आज 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
इन जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा, गयाजी, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर शामिल है. इन जिलों के लोगों से सावधान रहने की भी अपील की गई है. खासकर किसानों से बिगड़े मौसम के दौरान खुले में नहीं रहने की अपील की गई है.
24 घंटों में कितनी दर्ज की गई बारिश?
पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग की माने तो, सीवान में 33 मिमी, बेगूसराय में 58 मिमी, पटना में 22 मिमी और गयाजी में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा भी कुछ जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हुई. जबकि कुछ जिलों में मौसम सामान्य बना रहा. उमस वाली गर्मी की वजह से लोग परेशान रहे.
अगले कुछ दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की माने तो, अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बिहार में बना रह सकता है. 19 सितंबर को बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. 20 और 21 सितंबर को भी कुछ जिलों में हल्की बारिश जबकि कुछ जिलों में मौसम सामान्य बना रह सकता है.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
इस वजह से उमस हो रही महसूस
बिहार में पड़ रही उमस वाली गर्मी की वजह मौसम विभाग की ओर से यह बताई जा रही है कि बारिश के बाद हवा में नमी (ह्युमिडिटी) बढ़ जाती है. इसके बाद जब धूप खिलती है तो जमीन गर्म हो जाती है लेकिन नमी बनी रहती है. इस वजह से चिपचिपाहट और उमस महसूस होती है. मौसम विभाग की माने तो, अब भी राज्य में सामान्य से करीब 36 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
