विरासत मजबूत, भविष्य दमदार- क्या है जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार का "NI" फैक्टर

Bihar Politics: बिहार की सियासत में एक पोस्टर ने नई चर्चा छेड़ दी है. “विरासत मजबूत, भविष्य दमदार- निशांत कुमार हैं तैयार” लिखे इस पोस्टर ने जेडीयू के भीतर भविष्य की राजनीति को लेकर कयासों का दौर तेज कर दिया है. पार्टी के अंदर और बाहर दोनों जगह यह सवाल उठने लगा है कि क्या अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद नेतृत्व की बागडोर उनके बेटे निशांत कुमार को सौंपी जाएगी?

Bihar Politics: बिहार की सत्ता के गलियारों में इन दिनों एक ही नाम गूंज रहा है-निशांत कुमार. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत, जो अब तक राजनीति की चकाचौंध से दूर रहते थे, अब जेडीयू के ‘पोस्टर बॉय’ बन चुके हैं.

पटना में जेडीयू कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों में उन्हें “बिहार का भविष्य” और “नीतीश का असली वारिस” बताया जा रहा है. इन पोस्टरों पर लिखा नारा- “विरासत मजबूत, भविष्य दमदार-निशांत कुमार हैं तैयार”—पोस्टर संकेत दे रहा है कि ‘तीर’ की कमान अब अगली पीढ़ी के हाथ में जाने वाली है.

मार्च में हुई औपचारिक एंट्री की तैयारी

निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में एंट्री की जमीन मार्च 2026 में ही तैयार हो गई थी. 6 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री आवास पर हुई जेडीयू के सांसदों और विधायकों की एक अहम बैठक में निशांत कुमार को पार्टी में लाने का प्रस्ताव रखा गया था.

पार्टी नेताओं ने एक स्वर में निशांत कुमार को नेतृत्व सौंपने की वकालत की. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच, निशांत कुमार को जेडीयू विधायक दल का नेता या भविष्य का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की रणनीति पर काम चल रहा है.

“NI” फैक्टर – नाम में ही छिपी है पहचान

पोस्टरों में एक दिलचस्प विश्लेषण पेश किया गया है जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार, पोस्टर में दर्शाया गया है कि जिस तरह ‘नीतीश’ (Nitish) के नाम की शुरुआत ‘NI’ से होती है, वैसे ही ‘निशांत’ (Nishant) के नाम में भी ‘NI’ है.

समर्थकों के लिए यह महज इत्तेफाक नहीं, बल्कि विरासत को आगे बढ़ाने का एक संकेत है. पार्टी कार्यकर्ता अब खुलेआम उन्हें “फ्यूचर सीएम” (Future CM) के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे हैं.

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और अन्य वरिष्ठ नेताओं के बयानों में अब निशांत कुमार के प्रति नरमी और स्वीकार्यता साफ दिखती है. नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि निशांत कुमार की भूमिका पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की इच्छा पर निर्भर करेगी. उन्होंने यह भी माना कि पार्टी के भीतर निशांत को लेकर जबरदस्त उत्साह है.

क्या यह नेतृत्व परिवर्तन की स्क्रिप्ट है?

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि नीतीश कुमार अपनी लंबी सियासी पारी के बाद अब उत्तराधिकार की योजना को अंतिम रूप दे रहे हैं. विपक्षी दलों (खासकर आरजेडी) के “परिवारवाद” के आरोपों के बावजूद, जेडीयू के भीतर निशांत कुमार को एक ‘स्वच्छ और शिक्षित’ चेहरे के रूप में पेश किया जा रहा है.

आने वाले दिनों में यदि निशांत कुमार औपचारिक रूप से कोई बड़ा पद संभालते हैं, तो यह बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होगी.

Also Read: ‘बिहार का स्वास्थ्य विभाग अमंगल दोष से ग्रसित’, तेजस्वी यादव ने एक्स पर खोली पोल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >