Bihar News: फिल्मी स्टाइल में भागा कैदी, लेकिन नाला बन गया काल, जाने पुलिस ने कैसे निकाला बाहर

Bihar News: दरभंगा के लहेरियासराय स्थित सीएचसी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चोरी के मामले में गिरफ्तार एक कैदी मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को चकमा देकर अंडरग्राउंड नाले में कूद गया और वहीं छिप गया.

Bihar News:सूरज,प्रभात खबर. दरभंगा के स्थानीय सीएचसी में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई. जब मेडिकल जांच के लिए लाए गए एक कैदी ने पुलिस को चकमा देकर अस्पताल के बगल स्थित अंडरग्राउंड नाले में छलांग लगा दी. यह घटना न सिर्फ पुलिस के लिए चुनौती बन गई.

जांच के बहाने फरार होने का प्लान

लहेरियासराय थाना की पुलिस दो कैदियों, इफ्तिखार अहमद और मोहसिन कुरैशी को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी लेकर पहुंची थी. जांच की प्रक्रिया के दौरान अचानक इफ्तिखार अहमद ने मौके का फायदा उठाया और पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से सटे अंडरग्राउंड नाले में कूद गया. देखते ही देखते वह नाले के अंदर जाकर छिप गया.

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. मरीज, उनके परिजन और अस्पताल कर्मी सहम गए. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और नाले के मुहाने की घेराबंदी कर दी गई. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, ताकि कैदी किसी अन्य रास्ते से फरार न हो सके.

नाले के भीतर छिपा रहा कैदी

पुलिस लगातार कैदी को बाहर निकलने के लिए समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही. पुलिसकर्मी उससे अपील करते रहे कि वह खुद बाहर आ जाए, जिससे कोई अनहोनी न हो. अंधेरे और गंदगी से भरे नाले में छिपे रहने से उसकी जान को खतरा भी था. काफी देर तक जब कैदी बाहर नहीं निकला, तो पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे.

मान-मनौव्वल के बाद मिली सफलता

लंबी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार कैदी इफ्तिखार अहमद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जैसे ही वह नाले से बाहर आया, पुलिस ने राहत की सांस ली.

पीएचसी प्रभारी डॉ. तारिक मंजर ने बताया कि हथकड़ी ढीली हो जाने के कारण कैदी भागकर नाले में कूद गया. वहीं लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि इफ्तिखार अहमद चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और दोनों कैदियों की मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

यह घटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़े करती है, तो साथ ही यह दिखाती है कि थोड़ी-सी चूक कितनी बड़ी स्थिति पैदा कर सकती है.

Also Read: Bihar News: पटना का हार्डिंग पार्क टर्मिनल बदलेगा शहर की तस्वीर, नए डिजाइन को हरी झंडी, अब फ्लाईओवर से सीधे स्टेशन में होगी एंट्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >