बकाया बिल पर लगने वाला सरचार्ज होगा माफ, विधानसभा में ऊर्जा मंत्री का बड़ा एलान

Bihar News: बिहार सरकार ने लाखों उपभोक्ताओं को राहत देते हुए एलान किया है. अब बिहार के लोगों को केवल इस्तेमाल की गई बिजली का पैसा देना होगा, चक्रवृद्धि ब्याज का बोझ सरकार ने पूरी तरह हटाने का मन बना लिया है.

Bihar News: बिहार के लाखों बिजली ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है. राज्य सरकार बकाया बिजली बिल पर लगने वाले चक्रवृद्धि ब्याज यानी सरचार्ज को पूरी तरह माफ कर रही है.

विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने स्पष्ट संकेत दिया कि ग्राहकों को सिर्फ मूल राशि चुकानी होगी, ब्याज पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है.

विधानसभा में उठा मुद्दा, मंत्री ने दिया भरोसा

विधानसभा में कई विधायकों ने बढ़ते बिजली बकाया और उस पर लग रहे भारी ब्याज को लेकर चिंता जताई. उनका कहना था कि आर्थिक रूप से कमजोर ग्राहकों के लिए चक्रवृद्धि ब्याज बोझ बनता जा रहा है. जवाब में ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीर है और ब्याज माफी पर सकारात्मक निर्णय लिया जा सकता है.

सरकार की ‘समाधान योजना 2025-26’ के तहत एकमुश्त बकाया भुगतान करने पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत तक छूट देने का आश्वासन दिया गया है. पहले चरण में 60 से 100 प्रतिशत और दूसरे चरण में 50 से 90 प्रतिशत तक छूट दी जा रही थी, लेकिन अब पूरी माफी का संकेत दिया गया है. इससे लंबे समय से बकाया बिल के कारण परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

125 यूनिट मुफ्त बिजली के बाद अगला कदम

राज्य सरकार पहले ही 125 यूनिट तक घरेलू बिजली मुफ्त देने की घोषणा कर चुकी है. अब बकाया बिल के ब्याज को माफ करने की पहल से गरीब और मध्यम वर्ग को अतिरिक्त राहत मिलेगी. जिन लोगों ने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है, उनके ऊपर सरचार्ज की राशि काफी बढ़ चुकी है. नई व्यवस्था लागू होने पर उन्हें केवल मूल बकाया राशि का भुगतान करना होगा.

कैसे और कहां करें आवेदन?

इस भारी छूट का लाभ लेने के लिए ग्राहकों को अपने बकाया बिल का भुगतान एकमुश्त करना होगा. यदि आप भी ब्याज माफी का लाभ उठाना चाहते हैं, तो अपने नजदीकी बिजली आफिस में संपर्क कर सकते हैं या बिजली विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के जरिए न केवल गरीब जनता को राहत मिले, बल्कि विभाग का सालों से अटका हुआ बकाया राजस्व भी वापस आ सके.

कमजोर वर्ग को सबसे ज्यादा फायदा

बीपीएल और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के ग्राहक इस योजना के प्रमुख लाभार्थी होंगे. वे अपने जिले के बिजली कार्यालय या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से समाधान योजना का लाभ ले सकते हैं.

Also Read: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पड़ी भारी, बिहार के इस जिले में 38 CSC संचालकों की मान्यता रद्द

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >