Bihar News: भोजपुर जिले के पीरो से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां रजिस्ट्री ऑफिस में अपराधियों ने दिनदहाड़े तांडव मचाया. जमीन के एक पुराने विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया, जब रजिस्ट्री ऑफिस परिसर गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा.
राइफल से हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक प्रॉपर्टी डीलर समेत छह लोग लहूलुहान हो गए. इस वारदात ने न केवल प्रशासनिक सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.
रजिस्ट्री ऑफिस में अचानक फायरिंग
घटना दोपहर करीब ढाई बजे पीरो निबंधन कार्यालय के पिछले हिस्से में हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक गोलीबारी शुरू होते ही परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रॉपर्टी डीलर समेत 6 घायल, तीन की हालत नाजुक
घायलों में प्रॉपर्टी डीलर जीतू यादव, उनके भाई सतेंद्र यादव उर्फ मलख यादव, पिंटू उर्फ कच्चे कुमार और चरपोखरी के रितेश दुबे समेत अन्य लोग शामिल हैं. जीतू यादव के गर्दन में गोली लगी है, जबकि रितेश दुबे का हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.
अन्य घायलों को भी शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गोली लगी है. सभी को पहले पीरो अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन गंभीर घायलों को आरा सदर अस्पताल रेफर किया गया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना पुराने जमीन विवाद से जुड़ी है. घायल जीतू यादव ने आरोप लगाया है कि दिलशाद खान उर्फ लड्डू से जमीन को लेकर उनका विवाद चल रहा था और उन्हें पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी. पीड़ित का दावा है कि हमलावरों को सुपारी देकर इस घटना को अंजाम दिलाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. आरा से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है. इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.
(आरा से विशाल के इनपुट पर आधारित)
Also Read: IAS अधिकारी संजीव हंस के खिलाफ एक और FIR, 1 करोड़ घूस लेने का आरोप
