Bihar News: बिहार के औद्योगिक परिदृश्य में एक बहुत बड़ी हलचल हुई है. देश की दिग्गज सीमेंट कंपनी ‘अल्ट्राटेक’ ने बिहार में अपनी नई निर्माण इकाई स्थापित करने का ऐलान किया है. उद्योग सचिव कुंदन कुमार के मुताबिक, बांका जिले के कटोरिया औद्योगिक क्षेत्र में इस मेगा फैक्ट्री को लगाने की मंजूरी दे दी गई है.
लगभग 59.47 एकड़ भूमि पर फैलने वाली यह फैक्ट्री न केवल राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती देगी, बल्कि बांका जैसे जिलों के लिए विकास का नया द्वार भी खोलेगी. यह निवेश मुख्यमंत्री के ‘औद्योगिक बिहार’ के सपने को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है.
बांका बनेगा नया औद्योगिक हब
इस प्रोजेक्ट के तहत कटोरिया इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 59.47 एकड़ भूमि पर सीमेंट निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी. इससे न सिर्फ बांका बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. लंबे समय से औद्योगिक निवेश का इंतजार कर रहे इस क्षेत्र के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
अल्ट्राटेक सीमेंट इस प्लांट पर कुल 1200 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करने जा रही है. इस निवेश से सीधे तौर पर 1000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से हजारों अन्य परिवार इससे लाभान्वित होंगे. लॉजिस्टिक्स, परिवहन, निर्माण और स्थानीय छोटे व्यवसायों को इस फैक्ट्री के आने से नई ऊर्जा मिलेगी.
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल के निर्देशों के बाद परियोजना स्वीकृति समिति ने इसे हरी झंडी दे दी है, जिससे स्थानीय युवाओं में नौकरी की नई उम्मीद जगी है
.
क्यों चुना गया बांका?
बांका का कटोरिया क्षेत्र रणनीतिक रूप से उद्योग के लिए काफी अनुकूल माना जा रहा है. उद्योग सचिव के अनुसार, सीमेंट उद्योग किसी भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए ‘मल्टीप्लायर’ का काम करता है. फैक्ट्री लगने से न केवल औद्योगिक आधार मजबूत होगा, बल्कि सहायक सेवाओं जैसे ट्रक परिवहन, मरम्मत की दुकानें और स्थानीय बाजारों में मांग बढ़ेगी..
बिहार में अब निवेश का माहौल तैयार
प्रोजेक्ट स्वीकृति समिति के हालिया फैसले यह दर्शाते हैं कि बिहार अब निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है. उद्योग सचिव कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि बुनियादी ढांचे के निर्माण और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जा रही है.
बिहार सरकार की नई नीतियों और ‘बियाडा’ (BIADA) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के कारण ही अल्ट्राटेक जैसी बड़ी कंपनियां यहां आने को तैयार हुई हैं.
Also Read: बिहार में फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर चले पत्थर, टूटा खिड़की का शीशा, CCTV खंगाल रही पुलिस
