Bihar News: बिहार का औरंगाबाद जिला में दाउदनगर नगर पर्षद क्षेत्र में पर्यावरण को नई संजीवनी देने के लिए ‘मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी’ (MRF) और ‘विंड्रो’ प्लांट का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है. करीब 4.19 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार हो रहा यह प्रोजेक्ट न केवल दाउदनगर को गंदगी से मुक्ति दिलाएगा, बल्कि कचरे को आय के स्रोत में बदल देगा.
अगले एक से दो महीने में इस केंद्र के चालू होने की उम्मीद है, जिसके बाद शहर की गलियों से उठने वाला कूड़ा डंपिंग यार्ड में सड़ने के बजाय मशीनों के जरिए रीसायकल किया जाएगा.
4 करोड़ से अधिक की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट
दाउदनगर नगर परिषद क्षेत्र में यह प्रोजेक्ट करीब 4 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है. इसमें दो करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक की लागत से एमआरएफ सेंटर का निर्माण हो रहा है, जबकि करीब एक करोड़ 64 लाख रुपये से अधिक की राशि से विंड्रो प्लांट तैयार किया जा रहा है.
एमआरएफ सेंटर एक विशेष सुविधा होगी, जहां शहर से एकत्र किए गए कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा. यहां प्लास्टिक, कागज, धातु और कांच जैसे सूखे कचरे को मशीनों की मदद से अलग किया जाएगा. इसके बाद इन उपयोगी सामग्रियों को रीसाइक्लिंग उद्योगों तक भेजा जाएगा, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल किया जा सके.
निर्माण कार्य अंतिम चरण में
निर्माण स्थल पर विंड्रो प्लांट का फाउंडेशन तैयार हो चुका है और शेड बनाने का काम बाकी है. वहीं एमआरएफ सेंटर का फाउंडेशन तैयार किया जा रहा है. गीले कचरे को सुखाने के लिए अलग से व्यवस्था बनाई गई है और उसके लिए फाउंडेशन तैयार किया जा चुका है.
इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से शहर में कचरे के ढेर कम होंगे और साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर होगी. साथ ही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा किया जा सकेगा. इसके अलावा कचरे की छंटाई और रीसाइक्लिंग से जुड़ी गतिविधियों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
Also Read: मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन के लिए मिल गई NOC, 910 दिनों में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
