Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड की विदाई तय मानी जा रही है. IMD ने संकेत दिया है कि अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और कई जिलों में गर्मी की शुरुआत समय से पहले हो सकती है.
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में मौसम शुष्क रहने वाला है और साफ आसमान के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. फरवरी के आखिरी सप्ताह तक कई जिलों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है.
धूप तेज, ठंड कमजोर पड़ने लगी
राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. सुबह और शाम हल्की ठंड जरूर महसूस हो रही है, लेकिन दोपहर की धूप अब चुभने लगी है.
पछुआ हवा की रफ्तार कम होने और आसमान साफ रहने से सूर्य की तपिश बढ़ रही है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है.
22 फरवरी तक बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार 22 फरवरी तक राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. बारिश या घने कोहरे का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. साफ आसमान और सामान्य विजिबिलिटी के कारण लोगों को सफर या रोजमर्रा के काम में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
कई जिलों में तापमान 30 डिग्री के करीब
हालिया आंकड़ों के अनुसार कैमूर में सबसे अधिक 29.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. डेहरी, मोतिहारी, सुपौल और राजगीर जैसे इलाकों में भी तापमान 27 से 28 डिग्री के बीच पहुंच चुका है. पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मार्च की शुरुआत तक कई जिलों में पारा 30 डिग्री पार कर सकता है.
न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. किशनगंज अभी सबसे ठंडा जिला रहा, लेकिन औरंगाबाद में रात का तापमान तेजी से बढ़ा है. साफ आसमान और कमजोर हवाओं के कारण रात में ठंड कम हो रही है और तापमान नीचे नहीं गिर पा रहा है.
फरवरी के आखिरी सप्ताह से बढ़ेगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी के अंत तक ठंड लगभग खत्म हो जाएगी. फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ का असर बिहार पर नहीं दिख रहा, इसलिए मौसम सामान्य से गर्म रह सकता है.आने वाले दिनों में लोगों को धूप से बचाव की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.
Also Read: अब वंदे भारत स्लीपर और अमृत भारत में भी मिलेगा इमरजेंसी कोटा, यात्रियों की मांग पर बदला नियम
