Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम का मिजाज इन दिनों हर किसी को हैरान कर रहा है. पिछले तीन दिनों से राज्य का तापमान 31 डिग्री के आसपास थमा हुआ है. दिन में चिलचिलाती धूप का अहसास हो रहा है, तो रात होते ही हल्की गुलाबी ठंड लौट आती है.
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह ‘दोहरा मौसम’ जल्द ही खत्म होने वाला है और राज्य में भीषण गर्मी की समय से पहले एंट्री हो सकती है.
एक ही दिन में दो मौसम का अनुभव
पटना समेत राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान लगातार 31 डिग्री के आसपास बना हुआ है. दोपहर में धूप तेज लग रही है, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है. इस वजह से लोग अभी भी कंबल और पंखे दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि फरवरी में ऐसा ट्रांजिशन सामान्य होता है. पश्चिमी विक्षोभ कमजोर रहने और हवा की दिशा स्थिर होने से तापमान अचानक ऊपर-नीचे नहीं हो रहा.
मार्च से बढ़ेगी बिजली की खपत
जैसे ही तापमान 30 डिग्री पार हुआ, कई घरों में पंखे तेज चलने लगे हैं. कुछ लोगों ने कूलर और एसी की सफाई भी शुरू कर दी है. यदि मौसम का यही ट्रेंड जारी रहा तो मार्च की शुरुआत से बिजली की खपत बढ़ सकती है, जो आमतौर पर अप्रैल में बढ़ती है.
कूलर या एसी की जरूरत तब पड़ती है जब अधिकतम तापमान लगातार 35 डिग्री के आसपास पहुंच जाए. फिलहाल तापमान इससे नीचे है, इसलिए कुछ दिन तक पंखे ही काफी रहेंगे. अगर अगले सप्ताह तापमान 2-3 डिग्री और बढ़ता है तो मार्च के पहले या दूसरे हफ्ते से लोग कूलर-एसी निकालना शुरू कर सकते हैं.
किन जिलों में ज्यादा महसूस हो रही गर्मी
रिकॉर्ड बताते हैं कि मोतिहारी, कैमूर और आसपास के इलाकों में तापमान सबसे ज्यादा दर्ज हुआ है. पहली बार 11 फरवरी को दिन का तापमान 30 डिग्री के पार पहुंचा. वहीं 16 फरवरी को पहली बार राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री कैमूर में रिकॉर्ड किया गया.
इसके बाद 17 फरवरी को भी कैमूर में ही 31.3 डिग्री दर्ज हुआ और 18 फरवरी को लगातार तीसरे दिन 31.8 डिग्री मोतिहारी में रिकॉर्ड किया गया. साफ है कि इन दिनों बिहार में सबसे ज्यादा गर्मी कैमूर, गोपालगंज और मोतिहारी जैसे जिलों में पड़ रही है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा. हल्की हवाएं चल सकती हैं, लेकिन बारिश या ठंड लौटने के संकेत नहीं हैं. यदि कोई नया मौसम तंत्र सक्रिय नहीं हुआ तो मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर तेज महसूस हो सकता है. यानी बिहार में इस बार गर्मी की दस्तक तय समय से पहले सुनाई दे सकती है.
Also Read: गूगल भारत-अमेरिका के बीच बिछाएगी समुद्री केबल, तीन करोड़ डॉलर के AI साइंस चैलेंज की घोषणा
