बिहार में कंपकंपाती ठंड का अलर्ट, अगले 72 घंटे भारी, 8 जिलों में 10 डिग्री के नीचे गिरा पारा

Bihar Ka Mausam: उत्तर भारत के पहाड़ों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने बिहार के मैदानी इलाकों में 'सर्जिकल स्ट्राइक' कर दी है. महज 24 घंटों के भीतर बिहार के कई जिलों में पारा धड़ाम से नीचे गिरा है, जिससे रातें अब और भी ज्यादा कंपाने वाली हो गई हैं. IMD ने अगले 72 घंटों के लिए जो चेतावनी जारी की है, आने वाले 72 घंटे और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.

Bihar Ka Mausam: उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली पछुआ हवाओं ने बिहार के मौसम का मिजाज पलट दिया है. दिन में धूप भले ही राहत दे रही हो, लेकिन सूरज ढलते ही ठंड का असर तेज हो जा रहा है. किशनगंज समेत राज्य के आठ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है.

IMD ने साफ किया है कि अगले 48 से 72 घंटों में तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे रात और सुबह ज्यादा सर्द होंगी.

किशनगंज सबसे ठंडा, गया-बक्सर भी ठिठुरे

IMD के आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को किशनगंज बिहार का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मधेपुरा, अगवानपुर, वाल्मिकीनगर, जिरादेई, बक्सर, गया और औरंगाबाद में भी रात का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

दिलचस्प बात यह है कि एक ही दिन में कई जिलों में तापमान चार डिग्री तक गिर गया, जिससे लोगों को अचानक बढ़ी ठंड का सामना करना पड़ा.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी पछुआ हवाएं बिहार में इस ठंड की मुख्य वजह हैं. इन हवाओं की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक बनी हुई है. इसके साथ ही आठ फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिलेगा.

अभी और बढ़ेगी रात की सर्दी

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है. खासतौर पर उत्तर और दक्षिण बिहार के जिलों में रातें ज्यादा ठंडी होंगी. फिलहाल बारिश या घने कोहरे की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है, लेकिन सुबह के समय हल्का कुहासा छाए रहने की संभावना जताई गई है. दिन का तापमान अभी 18.4 से 28.8 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.

ठंड में सेहत को लेकर अलर्ट

पटना के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस बढ़ती ठंड में बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए. सुबह और शाम घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनना, ठंडे पानी से बचना और धूप का भरपूर लाभ लेना जरूरी है.

Also Read: वैभव सूर्यवंशी का तूफान, छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन बना भारत, इंग्लैंड को रौंदा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >